रायपुर पश्चिम विधानसभा में सेवा सेतु शिविर, 4265 हितग्राही हुए लाभान्वित
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ शिविर में 4265 हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला। बाढ़ प्रभावित 155 लोगों को 5-5 हजार रुपए की सहायता, 210 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की भवन अनुज्ञा, 1032 आयुष्मान कार्ड, 157 राशन कार्ड और 344 हितग्राहियों को पीएम सूर्य घर योजना के सोलर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा स्तरीय ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से अलग-अलग विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया, जिससे कुल 4265 हितग्राही लाभान्वित हुए। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन किए और पात्रता के अनुसार मौके पर ही सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में पहुंचे नागरिकों से बातचीत कर योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं के लिए पात्र प्रत्येक व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए तथा शिविर में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।
राजस्व विभाग की ओर से आपदा राहत के तहत बाढ़ प्रभावित 155 हितग्राहियों को 5-5 हजार रुपए की सहायता राशि के धनादेश प्रदान किए गए। प्रभावित परिवारों को यह सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक राहत देने का प्रयास किया गया। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 210 पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इससे पात्र परिवारों के लिए अपने आवास निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता आसान हुआ।
शिविर में खाद्य विभाग द्वारा 157 नागरिकों को राशन कार्ड प्रदान किए गए, जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से 1032 नागरिकों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा 103 हितग्राहियों को आय प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की ओर से पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत 344 हितग्राहियों को सोलर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। श्रम विभाग द्वारा नोनी सशक्तीकरण योजना तथा नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना से संबंधित प्रकरणों को शिविर स्थल पर ही स्वीकृत कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
सेवा सेतु शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रता के अनुसार आवश्यक सेवाएं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और विधायक राजेश मूणत ने छत्तीसगढ़ राज्य लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया।
इस दौरान अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सेवा सेतु शिविर शासन और नागरिकों के बीच की दूरी कम करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं मिलने से नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है। अधिकारियों को शेष प्रकरणों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शीघ्र लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। शिविर में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।