रामविचार नेताम ने रायपुर में सोलर एक्सपीरियंस सेंटर का किया उद्घाटन, ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम

रायपुर में वारी एनर्जी द्वारा नए सोलर एक्सपीरियंस सेंटर का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्घाटन कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया। यह सेंटर सौर ऊर्जा से जुड़ी सभी जानकारी, इंस्टॉलेशन और सरकारी योजनाओं की सुविधा एक ही स्थान पर प्रदान कर आम नागरिकों को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Apr 14, 2026 - 12:40
 0  2
रामविचार नेताम ने रायपुर में सोलर एक्सपीरियंस सेंटर का किया उद्घाटन, ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना l  रायपुर। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत वारी एनर्जी ने राजधानी रायपुर में अपने नए फ्रैंचाइज़ी स्टोर एवं सोलर एक्सपीरियंस सेंटर का भव्य उद्घाटन किया। यह सेंटर शहर के प्रमुख स्थान करेंसी टॉवर में स्थापित किया गया है, जहां लोगों को सौर ऊर्जा से जुड़ी सभी जानकारियां और सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस सेंटर का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है और आने वाले समय में यह ऊर्जा का प्रमुख स्रोत बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से जहां एक ओर बिजली खर्च में कमी आती है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।

नए सोलर एक्सपीरियंस सेंटर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सौर ऊर्जा के प्रति

जागरूक करना और उन्हें इस दिशा में प्रोत्साहित करना है। यहां सोलर पैनल इंस्टॉलेशन, उसकी लागत, रखरखाव, तकनीकी जानकारी और उससे होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इससे लोग अपने घरों या व्यवसायिक स्थानों पर सोलर सिस्टम लगाने के लिए बेहतर निर्णय ले सकेंगे।

सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘पीएम- सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत उपभोक्ताओं को लगभग ₹1 लाख 8 हजार तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ना और उन्हें ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना के माध्यम से लोग अपने घरों में सोलर पैनल लगाकर लंबे समय तक बिजली बिल में बचत कर सकते हैं और स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग कर सकते हैं।

चैनल पार्टनर राकेश गोयल ने बताया कि करेंसी टॉवर में स्थित इस सेंटर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां लोगों को सोलर से संबंधित सभी सेवाएं एक ही स्थान पर मिलती हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति यहां आकर आसानी से सोलर सिस्टम की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकता है और अपनी आवश्यकता के अनुसार इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया शुरू कर सकता है।

इस अवसर पर चैनल पार्टनर प्रवीण अग्रवाल, रीति गोयल, वैभव अग्रवाल और कंपनी के छत्तीसगढ़ सेल्स मैनेजर प्रसन्ना चंद्राकर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सेंटर रायपुर में सौर ऊर्जा के विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

यह नया सोलर एक्सपीरियंस सेंटर न केवल जानकारी का केंद्र बनेगा, बल्कि लोगों को हरित ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित भी करेगा। आने वाले समय में इस तरह के प्रयास ऊर्जा संकट को कम करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और सतत विकास सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।