साइबर जागृति अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर चलाया जागरूकता अभियान
कबीरधाम पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के दूसरे सप्ताह के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस ने बैंक कर्मचारियों, ग्राहकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल लेनदेन, UPI के सुरक्षित इस्तेमाल और साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। नागरिकों से UPI PIN, OTP, ATM PIN और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की अपील की गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने की सलाह दी गई।
UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम l पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में अभियान के दूसरे सप्ताह के अंतर्गत बैंक ग्राहकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इस अभियान के तहत थाना कुंडा पुलिस ने सहकारी को-ऑपरेटिव बैंक कुंडा में बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को जागरूक किया। साइबर थाना कबीरधाम की टीम ने ग्राम सरोधा स्थित गार्डन में आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। थाना चिल्फी पुलिस ने ग्राम चिल्फी स्थित स्टेट बैंक में बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल लेनदेन की जानकारी दी। थाना पांडातराई पुलिस ने हाई स्कूल पांडातराई में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए।
इसी तरह पोड़ी चौकी पुलिस ने पीएम श्री आत्मानंद स्कूल पोड़ी में शिक्षकों और बच्चों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। चौकी दशरंगपुर पुलिस ने जिला सहकारी बैंक दशरंगपुर में बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों के साथ ही दशरंगपुर हायर सेकंडरी स्कूल की छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी। थाना बोडला पुलिस ने आत्मानंद स्कूल बोडला के विद्यार्थियों को जागरूक किया, जबकि थाना रेंगाखार की टीम ने ग्राम उमरवाही में लोगों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने की समझाइश दी।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान पुलिस ने नागरिकों को बताया कि ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन करते समय विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। UPI PIN, OTP, ATM PIN और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। पुलिस ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने और संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी। इसके साथ ही संदिग्ध फोन कॉल, मैसेज और लिंक के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहने के लिए कहा गया।
पुलिस ने समझाया कि साइबर ठगी के मामलों में समय पर शिकायत करना बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो उसे घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। समय रहते शिकायत मिलने पर ठगी की राशि को होल्ड कराने की कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।
कबीरधाम पुलिस के साइबर जागृति अभियान का उद्देश्य जिले के नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के लिए प्रेरित करना है। अभियान के माध्यम से पुलिस लगातार लोगों को तकनीक के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन में सतर्कता और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के प्रति जागरूक कर रही है।