रायपुर प्रेस क्लब सदस्यों के आवास के लिए प्रयास तेज, नवा रायपुर में जमीन आवंटन को लेकर बनेगी वरिष्ठ पत्रकारों की कमेटी

रायपुर प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने पत्रकारों के आवास के लिए नवा रायपुर में जमीन या आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। शासन को भेजे गए प्रस्ताव के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रकरण आवास एवं पर्यावरण विभाग को भेजा जा चुका है। अब वरिष्ठ पत्रकारों की कमेटी बनाकर सरकार से संवाद आगे बढ़ाने की तैयारी है।

Sep 2, 2026 - 12:17
 0  2
रायपुर प्रेस क्लब सदस्यों के आवास के लिए प्रयास तेज, नवा रायपुर में जमीन आवंटन को लेकर बनेगी वरिष्ठ पत्रकारों की कमेटी

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने प्रेस क्लब के सदस्यों के लिए आवास की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं। राजनांदगांव और बिलासपुर की तर्ज पर रायपुर के पत्रकारों को भी आवास के लिए जमीन अथवा आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रेस क्लब की ओर से शासन स्तर पर लगातार संवाद और पत्राचार किया जा रहा है। इसी दिशा में नवा रायपुर में पत्रकारों को जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए अब वरिष्ठ पत्रकारों की एक कमेटी गठित करने की तैयारी की जा रही है।

रायपुर प्रेस क्लब की ओर से शासन को भेजे गए प्रस्ताव और अब तक हुए संवाद के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से पत्रकारों को जमीन उपलब्ध कराने से संबंधित प्रकरण आवास एवं पर्यावरण विभाग को भेजा जा चुका है। इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और शासन के संबंधित विभागों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से रायपुर प्रेस क्लब में वरिष्ठ पत्रकारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने से जुड़े विषय पर विस्तार से चर्चा की गई और आगे की कार्ययोजना को लेकर वरिष्ठ पत्रकारों से सुझाव लिए गए।

बैठक में प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने वरिष्ठ पत्रकारों के समक्ष जमीन आवंटन को लेकर शासन के साथ अब तक हुए पत्राचार, संवाद और प्रकरण की प्रगति की जानकारी रखी। उन्होंने बताया कि फरवरी, जून और अगस्त माह में सरकार के साथ इस विषय को लेकर पत्राचार किया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रकरण आवास एवं पर्यावरण विभाग को भेजे जाने के बाद अब इसे आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयासों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में पूर्व अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, रामावतार तिवारी और बृजेश चौबे, नवभारत के वाइस प्रेसीडेंट उमाशंकर व्यास, वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, आज की जनधारा के प्रधान संपादक सुभाष मिश्रा, नवप्रदेश के प्रधान संपादक यशवंत धोटे, हरिभूमि से संपादक ब्रह्मवीर सिंह, वरिष्ठ पत्रकार शेख स्माइल, राजेश जॉन पॉल, प्रफुल्ल पारे और संदीप पुराणिक उपस्थित रहे।

वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारों के आवास से जुड़े इस विषय को महत्वपूर्ण बताते हुए शासन के साथ सकारात्मक और प्रभावी पहल के जरिए प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की आवश्यकता जताई। बैठक में वरिष्ठ पत्रकारों की एक कमेटी गठित करने पर सहमति बनी। यह कमेटी शासन के संबंधित विभागों और सरकार के साथ संवाद स्थापित कर जमीन आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि योजना का लाभ रायपुर प्रेस क्लब के अधिक से अधिक सदस्यों को मिल सके, इसके लिए वरिष्ठ पत्रकारों की कमेटी से प्राप्त सुझावों के आधार पर प्रस्ताव और कार्ययोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। इसका उद्देश्य पत्रकारों की आवास संबंधी लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता के समाधान की दिशा में ठोस पहल करना है।

प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि पत्रकारों के लिए आवास की सुविधा लंबे समय से महत्वपूर्ण आवश्यकता रही है। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का प्रयास है कि शासन के सहयोग से इस दिशा में ठोस और परिणामदायी पहल हो। नवा रायपुर में पत्रकारों को जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना प्रेस क्लब की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पत्रकारों की सलाह के आधार पर जल्द कमेटी गठित कर सरकार के साथ निरंतर संवाद किया जाएगा।