रायपुर प्रेस क्लब में “गो सम्मान आह्वान अभियान” को लेकर पत्रकार वार्ता, 2 मार्च को भनपुरी में देशभर के गोसेवकों की प्रशिक्षण कार्यशाला

रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में “गो सम्मान आह्वान अभियान” के छह चरणों की रूपरेखा साझा की गई। 2 मार्च 2026 को रायपुर के भनपुरी क्षेत्र में गोसेवकों की विशाल प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें गौ-सेवा, सुरक्षा, सम्मान और पंचगव्य आधारित स्वरोजगार पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Feb 27, 2026 - 16:59
 0  8
रायपुर प्रेस क्लब में “गो सम्मान आह्वान अभियान” को लेकर पत्रकार वार्ता, 2 मार्च को भनपुरी में देशभर के गोसेवकों की प्रशिक्षण कार्यशाला

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | राजधानी स्थित रायपुर प्रेस क्लब में “गो सम्मान आह्वान अभियान” को लेकर एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभियान से जुड़े संत-महात्मा, गोसेवक और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि यह अभियान छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में गौ-सेवा, गौ-सुरक्षा और गौ-सम्मान के उद्देश्य से शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक जनजागरण अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है।

पत्रकार वार्ता में अभियान के मुख्य संरक्षक नंदी बाबा और भगवती गौमाता को बताया गया। इस दौरान भारत भाई महाराज, प्रवीण शर्मा, गुरमीत सिंह, फूलचंद सहित प्रसिद्ध कथावाचक दया किशोरी की उपस्थिति भी रही। आयोजकों ने कहा कि यह अभियान किसी राजनीतिक दल या संगठन विशेष से जुड़ा नहीं है, बल्कि संतों के मार्गदर्शन में समाज को जागरूक करने का प्रयास है।

अभियान को देशभर में छह चरणों में संचालित किया जाएगा।
प्रथम चरण में 27 अप्रैल को देश की 5410 तहसीलों में एक साथ प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे तथा “गो सम्मान दिवस” मनाया जाएगा।
द्वितीय चरण के अंतर्गत 27 जुलाई 2026 को देश के 790 जिलों में पुनः स्मरण स्वरूप प्रार्थना पत्र दिए जाएंगे।
तृतीय चरण में प्रत्येक राज्य की राजधानी में लाखों गौ-प्रेमी नागरिक सामूहिक रूप से प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करेंगे।
चतुर्थ चरण 27 फरवरी 2027 से प्रारंभ होगा, जिसमें विभिन्न जिलों से गौ-प्रेमी सात-सात दिन के अंतराल में दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम अपने हाथों से प्रार्थना पत्र लिखेंगे। यह प्रक्रिया लगभग छह माह तक चलेगी।
पंचम चरण में नौ दिवस तक गंगाजल पर रहकर उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि षष्ठम चरण का निर्णय संत-महात्माओं और देशवासियों के मार्गदर्शन अनुसार लिया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत 2 मार्च 2026 को भनपुरी में एक दिवसीय विशाल प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह कार्यशाला हे गो माँ दुर्गा मंदिर, भनपुरी परिसर के समीप, खमतराई थाना के पास, शांता स्वीट्स के नजदीक प्रातः 8 बजे से सायं 6 बजे तक होगी। इस कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के विभिन्न तहसीलों से आए गोसेवक, गो-प्रचारक और सहयोगी भाग लेंगे।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य समाज में गौमाता के प्रति सेवा, सुरक्षा और सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना तथा अभियान को प्रदेशभर में संगठित रूप से विस्तार देना है। इसके साथ-साथ गौ आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निःशुल्क पंचगव्य एवं गो-उत्पाद प्रशिक्षण शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में युवाओं, महिलाओं और गोसेवकों को गोमय एवं पंचगव्य से निर्मित उत्पादों के निर्माण, उपयोग और विपणन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभागियों को निःशुल्क प्रशिक्षण, भोजन, आवास और प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

आयोजन समिति ने बताया कि 2 मार्च को अभियान की भारतवर्ष यात्रा कर रही संतों और गोसेवकों की विशेष टोली भी रायपुर पहुंचेगी, जो देशभर में गौ-सम्मान का संदेश प्रसारित कर रही है। कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण में सुबह 8 से शाम 5 बजे तक गोसेवकों का प्रशिक्षण होगा, जबकि दूसरे चरण में शाम 5 बजे से रात 9:30 बजे तक संत-महात्मा, कथावाचक, समाज प्रमुख और नागरिक सहभागिता करेंगे।

आयोजकों ने स्पष्ट किया कि अभियान पूरी तरह अहिंसक, गैर-राजनीतिक रहेगा, किसी प्रकार का दान या चंदा स्वीकार नहीं किया जाएगा और किसी व्यक्ति विशेष के पोस्टर या बैनर का उपयोग नहीं होगा। उन्होंने प्रदेश के युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर गौ आधारित आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।