रायपुर में कबाड़ियों और यार्ड संचालकों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह कारोबारियों पर केस दर्ज
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नॉर्थ जोन में कबाड़ियों और यार्ड संचालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए छह कबाड़ी कारोबारियों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर लोहे का स्क्रैप, सरिया और पाइप सहित करीब 38 हजार रुपये का कबाड़ जब्त किया। पुलिस ने चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त रोकने के लिए सख्त चेतावनी भी जारी की है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अवैध कबाड़ कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से नॉर्थ जोन में कबाड़ियों और यार्ड संचालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने छह कबाड़ी कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोहे का स्क्रैप, सरिया, पाइप और अन्य कबाड़ सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब 38 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा ने किया। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना खमतराई, गुढ़ियारी और उरला क्षेत्र में संचालित कबाड़ी दुकानों और यार्डों में छापेमारी की गई।
पुलिस का कहना है कि शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं में चोरी के सामान को कबाड़ी दुकानों में बेचने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया, ताकि चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाई जा सके।
थाना खमतराई क्षेत्र के रावांभाठा में स्थित कबाड़ी विजय टंडन की दुकान पर रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नौ नग लोहे के पाइप, लोहे के तार और पुराने लोहे का स्क्रैप जब्त किया। इनकी कुल कीमत लगभग 7 हजार 875 रुपये आंकी गई है। इसी क्षेत्र में कबाड़ी अवध राम नवरंगे की दुकान से भी लोहे का पाइप, तार और स्क्रैप बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 2 हजार 750 रुपये बताई गई।
वहीं थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में गिरधारी साहू के कबाड़ी दुकान में छापेमारी के दौरान 102 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 4 हजार 590 रुपये बताई गई। इसी क्षेत्र में आदर्श गोयल के कबाड़ी दुकान से 70 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 3 हजार 150 रुपये है।
थाना उरला क्षेत्र के मेटल पार्क स्थित रमन के कबाड़ी दुकान में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 250 किलोग्राम लोहे का पाइप और सरिया बरामद किया। इसकी कीमत करीब 12 हजार 250 रुपये बताई गई है। वहीं सरोरा स्थित एसएल ट्रेडर्स से 200 किलोग्राम लोहे का पाइप जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 7 हजार 750 रुपये है।
पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में संबंधित कारोबारियों के खिलाफ बीएनएसएस और बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने सभी कबाड़ियों और यार्ड संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे किसी भी प्रकार का चोरी का माल न खरीदें। साथ ही यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति कबाड़ बेचने आता है तो इसकी तुरंत जानकारी पुलिस को दें।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का मानना है कि कबाड़ी दुकानों पर निगरानी बढ़ाने से चोरी के मामलों में कमी लाई जा सकती है और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।