निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने टीएल बैठक में राजस्व वसूली तेज करने और अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई के दिए निर्देश
रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने साप्ताहिक टीएल बैठक में विभिन्न योजनाओं और कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने, अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध नल कनेक्शनों के नियमितीकरण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना और नागरिक शिकायतों के त्वरित निराकरण सहित कई विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में साप्ताहिक टीएल बैठक लेकर विभिन्न कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागवार जानकारी ली और नगर निगम क्षेत्र में चल रहे कार्यों को निर्धारित समयसीमा एवं नियमानुसार पूरा करने के निर्देश दिए।
टीएल बैठक में आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को अवैध प्लाटिंग के मामलों में नियमानुसार प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के निर्धारित राजस्व लक्ष्य को पूरा करने के लिए राजस्व वसूली में तेजी लाने और अधिकाधिक राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने पर जोर दिया। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि नगर निगम हित में राजस्व से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए।
रायपुर जिला प्रशासन की प्रोजेक्ट पुनर्जीवन योजना के तहत शहर के सभी वार्डों में अभियान चलाकर पेड़ों के आसपास लगाए गए ट्री गार्ड, कांक्रीट के घेरे और पेवर को हटाने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने इस कार्य की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पेड़ों के संरक्षण और उनके बेहतर विकास के लिए आवश्यक स्थान उपलब्ध हो सके।
आयुष्मान कार्ड योजना की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप अभियान में तेजी लाने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने पर विशेष जोर दिया।
आयुक्त ने अवैध निर्माण और भवन अनुज्ञा से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को संबंधित अधिनियम और निर्धारित नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए शहर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग अभियान चलाने और अधिक से अधिक स्थानों पर इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा।
नागरिकों की शिकायतों के निराकरण को लेकर भी आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त आमजनों के पत्रों एवं शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
अवैध नल कनेक्शनों के नियमितीकरण की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध नल कनेक्शनों को नियमानुसार नियमित करते हुए उन्हें नगर निगम की करारोपण व्यवस्था में प्राथमिकता से शामिल किया जाए। इससे व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बीएलसी और एएचपी घटक में आवासों के सर्वे एवं प्रगति की जानकारी भी आयुक्त ने ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में विज्ञापन बोर्ड लगाने की प्रक्रिया को निर्धारित नीति और नियमों के अनुसार सुनिश्चित करने के लिए भी जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया।
बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, मुख्य अभियंता संजय बागडे, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान, नगर निवेशक आभास मिश्रा सहित सभी उपायुक्त, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और विभिन्न विभागों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।