Raipur News : होटल-बार संचालकों के साथ डीसीपी सेंट्रल ज़ोन की बैठक, नियम पालन और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

रायपुर में डीसीपी सेंट्रल ज़ोन उमेश गुप्ता ने होटल, बार और क्लब संचालकों के साथ बैठक कर लाइसेंस नियमों के पालन, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए।

Feb 5, 2026 - 17:19
 0  10
Raipur News : होटल-बार संचालकों के साथ डीसीपी सेंट्रल ज़ोन की बैठक, नियम पालन और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। डीसीपी सेंट्रल ज़ोन रायपुर उमेश गुप्ता द्वारा सी-4 सभा कक्ष में क्षेत्र के होटल, बार एवं क्लब संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य रायपुर में लागू पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था की जानकारी देना और होटल, बार एवं क्लब संचालन से जुड़े शासन के नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना था।

बैठक में डीसीपी उमेश गुप्ता ने संचालकों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिष्ठान लाइसेंस की शर्तों, निर्धारित समय सीमा और संचालन संबंधी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। साथ ही प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के उपयोग एवं बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसीपी ने विशेष जोर देते हुए कहा कि होटल में ठहरने वाले विदेशी नागरिकों की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर पुलिस को उपलब्ध कराई जाए। महिला ग्राहकों और स्टाफ की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही होटल, बार और क्लब परिसरों में पर्याप्त संख्या में कार्यशील सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और प्रवेश-निकास स्थलों पर सतत निगरानी रखी जाए।

इसके अतिरिक्त प्रतिष्ठानों में किसी भी व्यक्ति को हथियार के साथ प्रवेश देने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, सुरक्षा जांच व्यवस्था मजबूत रखने और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए। सभी स्टाफ का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

डीसीपी उमेश गुप्ता ने स्पष्ट किया कि पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था के अंतर्गत कानून व्यवस्था बनाए रखने में सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन पर विशेष चर्चा की गई।