राजधानी रायपुर में एक हफ्ते में 6 हत्याएं, महिला से गैंगरेप; कानून व्यवस्था पूरी तरह बदहाल : कांग्रेस
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने रायपुर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक सप्ताह में रायपुर कमिश्नरेट और ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या की छह घटनाएं सामने आई हैं। कांग्रेस ने रायपुर में महिला से कथित गैंगरेप, हत्या, लूट और चाकूबाजी की घटनाओं का हवाला देते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है। कांग्रेस के अनुसार पिछले एक सप्ताह में रायपुर कमिश्नरेट और रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हत्या की छह घटनाएं सामने आई हैं। इनमें महिलाओं समेत कई लोगों की मौत की घटनाओं का उल्लेख कांग्रेस ने किया है।
सुरेंद्र वर्मा ने रायपुर में बिलासपुर की एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस थानों के आसपास के क्षेत्र में इस तरह की वारदात होना महिला सुरक्षा की व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। कांग्रेस ने सार्वजनिक स्थानों और शहर के प्रमुख इलाकों में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
अलग-अलग जिलों की घटनाओं का हवाला
कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रदेश के अन्य हिस्सों में सामने आई आपराधिक घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दुर्ग के जेवरा सिरसा में कांग्रेस नेता प्रकाश कश्यप की कथित रूप से लूट के प्रयास के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जांजगीर-चांपा में लिफ्ट मांगने के बहाने लूट की कोशिश के दौरान एक युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया। वहीं बिलासपुर में नकाबपोश आरोपियों द्वारा शराब दुकान में हमला कर सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाने और लूट की घटना का भी उन्होंने उल्लेख किया।
सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि लगातार सामने आ रही हत्या, लूट और चाकूबाजी की घटनाओं से आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं।
रायपुर में छह हत्या की घटनाओं का दावा
कांग्रेस के अनुसार पिछले सप्ताह रायपुर कमिश्नरेट के तीन और रायपुर ग्रामीण के एक थाना क्षेत्र में हत्या की छह घटनाएं सामने आईं। इनमें खमतराई थाना क्षेत्र में दो, मुजगहन में एक, अभनपुर में एक, सरस्वती नगर में एक और आमानाका थाना क्षेत्र में एक हत्या की घटना शामिल होने का दावा किया गया है।
सुरेंद्र वर्मा ने मुजगहन क्षेत्र में भारती नेताम, अभनपुर में तिजियाबाई, खमतराई डब्ल्यूआरएस क्षेत्र में नंदनी जैन, सरस्वती नगर में महेश धृतलहरे, खमतराई क्षेत्र में पवन टंडन सहित अन्य हत्या की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लगातार वारदातों से राजधानी के नागरिकों में भय का वातावरण है।
उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बावजूद यदि एक सप्ताह में हत्या की छह घटनाएं सामने आती हैं तो पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। कांग्रेस ने सरकार से अपराधियों पर सख्त कार्रवाई, नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और महिलाओं सहित आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।