रायपुर में भाजपा पार्षदों पर अवैध वसूली का आरोप, पानी संकट और सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का विरोध
रायपुर में कांग्रेस नेता मनोज सिंह ठाकुर ने भाजपा पार्षदों पर नगर निगम से जुड़े ठेकेदारों, राशन दुकानों और कर्मचारियों से अवैध वसूली का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इसी कारण शहर में पानी संकट, राशन वितरण में बाधा और सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर में भीषण गर्मी के बीच पानी संकट, राशन वितरण और सफाई व्यवस्था को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने भाजपा पार्षदों पर नगर निगम से जुड़े ठेकेदारों, टैंकर ऑपरेटरों, राशन दुकान संचालकों और कर्मचारियों से अवैध वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षदों की कथित अवैध उगाही के कारण शहर की मूलभूत व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं और जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मनोज सिंह ठाकुर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि रायपुर इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और ऐसे समय में लोगों को सबसे ज्यादा जरूरत पानी की है। इसके बावजूद शहर में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम से जुड़े पानी सप्लाई ठेकेदारों और टैंकर ऑपरेटरों से भाजपा पार्षदों द्वारा लगातार अवैध वसूली की जा रही है, जिससे ठेकेदार और कर्मचारी मानसिक तथा आर्थिक दबाव में काम करने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि इस कथित वसूली और प्रताड़ना का सीधा असर पानी सप्लाई व्यवस्था पर पड़ा है। कई क्षेत्रों में समय पर पानी नहीं पहुंच पा रहा है और नागरिकों को भीषण गर्मी में परेशानी उठानी पड़ रही है। उनका कहना है कि प्रशासनिक व्यवस्था पर राजनीतिक दबाव बढ़ने से शहर में कृत्रिम जल संकट जैसी स्थिति बन गई है।
विज्ञप्ति में सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानी राशन दुकानों की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई। मनोज सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि राशन दुकान संचालकों पर भी राजनीतिक दबाव बनाकर उनसे अवैध रूप से पैसों की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों को मिलने वाले राशन की व्यवस्था तक इस कथित भ्रष्टाचार से प्रभावित हो रही है। इससे राशन दुकान संचालकों में आक्रोश और भय का माहौल है तथा कई जगह वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
इसके अलावा नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों की स्थिति पर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस नेता ने कहा कि पानी सप्लाई, सफाई और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को भी कथित वसूली तंत्र के कारण मानसिक और आर्थिक दबाव झेलना पड़ रहा है। उनका कहना है कि जब कर्मचारी ही परेशान रहेंगे तो शहर की सफाई और अन्य मूलभूत सेवाओं का सुचारू संचालन संभव नहीं हो पाएगा।
मनोज सिंह ठाकुर ने मांग की कि भाजपा पार्षदों द्वारा की जा रही कथित अवैध वसूली को तत्काल बंद कराया जाए और ठेकेदारों, राशन दुकान संचालकों तथा कर्मचारियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि भ्रष्टाचार और राजनीतिक दबाव को नहीं रोका गया तो जनता को राहत मिलना मुश्किल होगा।
कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और जनता को राहत नहीं मिली तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि रायपुर की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान स्थिति में आम नागरिक परेशान हैं और जवाबदेही तय होना जरूरी है।