रायपुर में होगा 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर, एमएसएमई को मिलेगा निवेश और कारोबार का नया मंच
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर रायपुर में सितंबर में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर की तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन एमएसएमई क्षेत्र को मजबूती देने के साथ निवेश, नवाचार और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राजधानी रायपुर में आगामी 18, 19 और 20 सितंबर 2026 को 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (आईआईएफ) का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की और आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर का उद्देश्य देशभर के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां उद्योग, निवेश, आधुनिक तकनीक, विपणन और व्यापार विस्तार से जुड़े नए अवसर विकसित किए जा सकें। इस आयोजन में देशभर के उद्योगपति, निवेशक, तकनीकी विशेषज्ञ और विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे औद्योगिक आयोजन राज्य के एमएसएमई क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला होते हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय उद्योगों को नई तकनीक, नए बाजार और निवेशकों से जुड़ने का अवसर मिलता है, जिससे रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को भी गति मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। औद्योगिक प्रक्रियाओं को सरल बनाया जा रहा है ताकि उद्यमियों को निवेश और कारोबार में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आयोजित होने वाला यह औद्योगिक समागम छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर और अधिक मजबूत पहचान दिलाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश के लघु उद्यमियों का सबसे बड़ा संगठन है, जो एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने और उद्योगों के बीच व्यवसायिक सहयोग (बी2बी) को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। रायपुर में आयोजित होने वाला 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का प्रभावी मंच साबित होगा। इससे व्यापार विस्तार, नई तकनीकों के उपयोग और निवेश की संभावनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
बैठक में यह भी बताया गया कि इस आयोजन के माध्यम से उद्यमियों को आधुनिक औद्योगिक तकनीकों, नवाचारों और उत्पादन क्षमता बढ़ाने वाले समाधानों की जानकारी मिलेगी। साथ ही नए स्टार्टअप, विनिर्माण इकाइयों और निवेशकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा, जिससे प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के विकास और निवेश को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर स्थानीय उद्यमियों को बड़े उद्योगों और राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
बैठक में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्त, संयुक्त महासचिव नरेश पारख, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर, प्रांत अध्यक्ष सी. पी. दुबे, पुरुषोत्तम पटेल, अनिल बाकलीवाल, तूलिका पांडे और प्रांजल सिंह ठाकुर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया और आयोजन को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।