पाटन सेवा सेतु शिविर में तीन लोगों ने किया नेत्रदान का संकल्प, कमिश्नर और कलेक्टर ने किया सम्मान

पाटन के स्वर्गीय खूबचंद सभागार में सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित शिविर में तीन लोगों ममता बिजौरा, नीता देवांगन और नेम सिंह भारद्वाज ने नेत्रदान की घोषणा कर प्रेरक पहल की। संभागीय आयुक्त सत्यनारायण राठौर और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मंच पर तीनों का शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां कुल 161 आवेदन प्राप्त हुए और 140 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष 21 आवेदनों के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई।

Oct 3, 2026 - 19:32
 0  3
पाटन सेवा सेतु शिविर में तीन लोगों ने किया नेत्रदान का संकल्प, कमिश्नर और कलेक्टर ने किया सम्मान

UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l नगर पंचायत पाटन द्वारा स्वर्गीय खूबचंद सभागार में सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां आम नागरिकों ने अपनी समस्याओं, मांगों और शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में कुल 161 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 140 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं शेष 21 आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई।

शिविर के दौरान एक विशेष और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। आमतौर पर लोग अपनी समस्याओं और मांगों के निराकरण के लिए सेवा सेतु जैसे शिविरों में पहुंचते हैं, लेकिन इस बार पाटन क्षेत्र के तीन लोगों ने नेत्रदान की घोषणा कर लोगों को प्रेरित किया। ममता बिजौरा, नीता देवांगन और नेम सिंह भारद्वाज ने नेत्रदान का संकल्प लेते हुए संबंधित प्रपत्र भरकर विभाग के स्टॉल में जमा किए।

नेत्रदान की घोषणा करने वाले तीनों लोगों को शिविर के मंच पर सम्मानित किया गया। संभागीय आयुक्त सत्यनारायण राठौर और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने उन्हें शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस पहल को शिविर में मौजूद लोगों ने भी प्रेरणादायक बताया।

संभागीय आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने नेत्रदान की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोगों को प्रेरणा देने वाला यह कार्य महत्वपूर्ण है। उन्होंने आम नागरिकों से देहदान और नेत्रदान के लिए आगे आने की अपील की। इसके साथ ही शिविर में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने भी आयुक्त के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। अपने संबोधन में उन्होंने भूमि खातेदारों के लिए किसान पंजीयन के महत्व की जानकारी दी और पात्र लोगों से सेवा सहकारी समिति, लोक सेवा केंद्र, तहसील कार्यालय अथवा उपलब्ध अन्य केंद्रों में जाकर पंजीयन कराने की अपील की।

शिविर में पहुंचे किसानों और अपनी समस्याएं लेकर आए नागरिकों से संभागीय आयुक्त और कलेक्टर ने बातचीत की। उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी सामग्री और प्रमाणपत्र वितरित किए गए। स्वामित्व योजना के लाभान्वित हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख और निःशुल्क खसरा बी-1 प्रदान किया गया। इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति कार्ड, श्रमिक कार्ड, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना कार्ड और पीएम स्वनिधि प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को भी कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से आम नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

कार्यक्रम में दुर्ग संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह, पाटन एसडीएम प्रफुल्ल गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, लोकमणि चंद्राकर, सीएमओ हेमंत वर्मा, सीईओ महेंद्र जांगड़े, तहसीलदार मनोज गुप्ता, नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी, अतिरिक्त सीईओ श्वेता यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और मीडियाकर्मी मौजूद रहे।