जलभराव की सूचना मिलते ही राजा तालाब पहुंचे विधायक पुरन्दर मिश्रा, अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
लगातार बारिश के बीच रायपुर उत्तर के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने राजा तालाब क्षेत्र का दौरा कर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को तत्काल जलनिकासी, नालों की सफाई और प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l लगातार हो रही बारिश के बीच रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक-34 के राजा तालाब क्षेत्र का दौरा कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र में बारिश का पानी भरने और नाला अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही विधायक मौके पर पहुंचे तथा प्रभावित इलाके का निरीक्षण कर अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुरन्दर मिश्रा ने जलभराव के कारण उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी स्थानीय नागरिकों से ली और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के मौसम में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मौके से ही विधायक ने नगर निगम की जोन आयुक्त दिव्या चंद्रवंशी से चर्चा कर जलनिकासी व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने, अवरुद्ध नालों की सफाई में तेजी लाने तथा जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग किया जाए।
पुरन्दर मिश्रा ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए। जहां भी जलभराव या अन्य समस्या की सूचना मिले, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि रायपुर उत्तर विधानसभा के सभी वार्डों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रत्येक क्षेत्र में आवश्यकतानुसार राहत और बचाव कार्य कराए जाएंगे। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बारिश के दौरान आमजन को न्यूनतम परेशानी का सामना करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष अकबर अली, शंकर नगर पूर्व मंडल अध्यक्ष अनूप खेलकर, वार्ड के छाया पार्षद ज्ञानचन्द चौधरी सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे हर समय उपलब्ध हैं और जनता की सुविधा के लिए प्रशासन के साथ मिलकर निरंतर कार्य करते रहेंगे।