सहकारी समितियों का कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने किया दौरा, धान भंडारण व्यवस्था का लिया जायजा

दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अहिवारा विधानसभा क्षेत्र की सेवा सहकारी समितियों का दौरा कर धान संग्रहण एवं भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर खाद की उपलब्धता की जानकारी ली और डीएपी तथा यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने धान के सुरक्षित भंडारण और समय पर उठाव सुनिश्चित करने की मांग की।

Aug 19, 2026 - 18:36
 0  2
सहकारी समितियों का कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने किया दौरा, धान भंडारण व्यवस्था का लिया जायजा

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अहिवारा विधानसभा क्षेत्र की सेवा सहकारी समितियों सोमनी, नंदौरी, मुरमुंदा एवं नारधा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने धान उपार्जन एवं संग्रहण व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और किसानों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जानकारी ली। उन्होंने संग्रहण केंद्रों में रखे धान की स्थिति, सुरक्षित भंडारण, परिवहन और उठाव व्यवस्था के संबंध में समिति पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान राकेश ठाकुर ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार संग्रहण केंद्रों में कुल भंडारित धान, अब तक हुए धान के उठाव एवं परिवहन तथा वर्तमान में रखे धान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से बारिश और नमी के कारण धान के खराब होने की आशंका तथा उसके रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संग्रहण केंद्रों की स्थिति की फोटो एवं वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को जमीनी स्थिति से अवगत कराया जा सके।

दौरे के दौरान राकेश ठाकुर ने किसानों से भी सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने खाद की उपलब्धता को लेकर परेशानी सामने रखी। किसानों के अनुसार धान की खेती के लिए आवश्यक डीएपी खाद की सोसायटियों में पर्याप्त उपलब्धता नहीं है। किसानों ने खाद की कथित कालाबाजारी का मुद्दा भी उठाया और कहा कि समय पर खाद नहीं मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों की समस्याओं को लेकर राकेश ठाकुर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सरकार किसानों की आय और कृषि व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को आवश्यक खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सोसायटियों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को खेती के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

राकेश ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि कोरोना काल जैसी विषम परिस्थितियों में भी किसानों के हितों को प्राथमिकता दी गई थी और किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी गई। उन्होंने कहा कि उस समय पूरे देश में कठिन परिस्थितियां थीं, इसके बावजूद छत्तीसगढ़ में किसानों को खेती-किसानी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसान खाद के लिए सोसायटियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। किसानों को समय पर खाद, बीज और अन्य आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद की उपलब्धता को लेकर सामने आ रही समस्या सरकार के किसान हितैषी होने के दावों पर सवाल खड़े करती है।

राकेश ठाकुर ने धान के सुरक्षित भंडारण और समय पर उठाव को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से उपार्जित धान को बारिश और नमी से नुकसान नहीं होना चाहिए। संग्रहण केंद्रों में धान के रख-रखाव को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और समय पर उठाव एवं परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर जमीनी स्तर पर लगातार निगरानी रख रही है। धान उपार्जन, संग्रहण, उठाव अथवा खाद की उपलब्धता में कहीं भी लापरवाही या अव्यवस्था सामने आती है तो उसे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संज्ञान में लाया जाएगा और किसानों के हित में आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य धान संग्रहण केंद्रों और सेवा सहकारी समितियों का भी निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली जाएगी।

इस दौरान प्रमोद राजपूत, हीरा वर्मा, प्रकाश ठाकुर, उमेश साहू, श्रीकांत वर्मा, कमलेश साहू, आकाश कुर्रे, अभिषेक जांगड़े, जगदीश मारकंडे, पंकज सिकट, धरम बर्रे, सुमित नारंग, सुमन साहू, गज्जू साहू, सुनीता चन्नेवार, रामप्यारी वर्मा, रानी बंछोर, मोहन साहू, पप्पू गोपेन्द्र चंद्राकर, टेनेंद्र ठाकरे, सुयश शखरे, बबुआ, ओंकार निर्मलकर, इस्माईल आजाद, लेख राम साहू, चन्द्र शेखर शर्मा, योगेश टिकरिहा और भोज पाटिल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं किसान मौजूद रहे।