प्रधानमंत्री जनमन आवास से कलम सिंह बैगा के परिवार को मिला सम्मान और सुरक्षित जीवन, पक्के घर से बदली जिंदगी
कवर्धा के मुडधुसरी गांव के विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय से जुड़े कलम सिंह बैगा का परिवार लंबे समय से जर्जर कच्चे मकान में रह रहा था। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत 2 लाख रुपये की सहायता से पक्का मकान बनने के बाद परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिला। रोजगार गारंटी, महतारी वंदन, उज्ज्वला, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी परिवार को मिला है।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l बोड़ला विकासखंड के ग्राम पंचायत मुडधुसरी निवासी कलम सिंह बैगा के परिवार के लिए प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना नई उम्मीद और सुरक्षित जीवन का आधार बनी है। विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय से आने वाला यह परिवार लंबे समय से कच्चे और जर्जर मकान में रह रहा था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने और मकान की खराब स्थिति के कारण परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सीमित आमदनी के कारण परिवार के लिए अपने स्तर पर पक्का मकान बनाना संभव नहीं था।
प्रधानमंत्री जनमन योजना आवास के तहत सर्वे के बाद कलम सिंह बैगा का पात्र हितग्राही के रूप में चयन किया गया। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत 2 लाख रुपये की आवास सहायता स्वीकृत हुई। यह राशि चार किश्तों में प्रदान की गई। पहली किश्त के रूप में 40 हजार रुपये की राशि सीधे बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से पहुंची, जिसके बाद ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों के सहयोग से आवास निर्माण शुरू हुआ। निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार दूसरी, तीसरी और अंतिम किश्त की राशि भी बैंक खाते में अंतरित की गई। इसके बाद परिवार का अपना पक्का मकान बनकर तैयार हो गया।
अब कलम सिंह बैगा अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में रह रहे हैं। आवास योजना के साथ परिवार को अन्य शासकीय योजनाओं का भी लाभ मिला है। रोजगार गारंटी योजना के तहत आवास निर्माण के लिए 95 दिनों का रोजगार मिला और 24 हजार रुपये से अधिक की मजदूरी राशि सीधे बैंक खाते में प्राप्त हुई।
परिवार को बिजली कनेक्शन, जल जीवन मिशन के तहत नल से पेयजल, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा, राशन कार्ड के माध्यम से खाद्यान्न तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन का लाभ मिला। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत परिवार को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता भी प्राप्त हो रही है। विभिन्न योजनाओं के लाभ से परिवार की दैनिक सुविधाओं में विस्तार हुआ है और जीवन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित हुआ है।
कलम सिंह बैगा ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महंगाई के दौर में अपनी आय से पक्का घर बनाना उनके लिए संभव नहीं था। सरकार की सहायता से अब उनका अपना पक्का मकान बन गया है। उन्होंने कहा कि नया घर मिलने से बरसात और मौसम की परेशानियों से परिवार को राहत मिली है तथा भविष्य को लेकर चिंता भी कम हुई है।
कलम सिंह बैगा का परिवार प्रधानमंत्री जनमन आवास को अपने लिए सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत मानता है। विभिन्न सरकारी योजनाओं के एक साथ लाभ मिलने से परिवार की मूलभूत जरूरतें पूरी होने के साथ जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आया है।