UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l कोरिया जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। 3 सितंबर 2026 को जिला पंचायत के मंथन कक्ष में कलेक्टर रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में योजना को लेकर एक दिवसीय संयुक्त कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेन्द्र श्रीवास, बिहान योजना से जुड़ी लखपति दीदियां, विद्युत विभाग के अधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक और जिले में कार्यरत सौर ऊर्जा उपकरणों के वेंडर्स शामिल हुए। कार्यशाला में योजना के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को इससे जोड़ने के लिए 30 महिलाओं को सोलर दीदी के रूप में चयनित कर पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई।
कार्यशाला में अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए बिजली उपभोक्ता पीएम सूर्य घर पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। इसके लिए बिजली बिल में दर्ज उपभोक्ता नंबर सहित सामान्य जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके अलावा मोर बिजली ऐप और योजना के लिए उपलब्ध ऐप के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। उपभोक्ता विद्युत विभाग के कार्यालय या अपने आसपास मौजूद योजना के अधिकृत वेंडर के माध्यम से भी पंजीयन करा सकते हैं।
विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता ने योजना के तहत एक, दो और तीन किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया और लागत की जानकारी दी। कार्यशाला में बताया गया कि एक किलोवाट के प्लांट की लागत लगभग 70 हजार रुपये मानी गई है, जिसमें उपभोक्ता को शुरुआती तौर पर करीब 10 प्रतिशत यानी 7 हजार रुपये का अंशदान देना होगा। शेष राशि बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अनुदान का लाभ भी मिलेगा। एक किलोवाट संयंत्र के लिए केंद्र से 30 हजार रुपये और राज्य शासन से 15 हजार रुपये की सब्सिडी दिए जाने की जानकारी दी गई। शेष राशि को उपभोक्ता आसान किश्तों में चुकाने की व्यवस्था का लाभ ले सकेंगे।
सोलर दीदियों के पायलट प्रोजेक्ट के तहत चयनित 30 महिलाएं पहले स्वयं योजना से जुड़ेंगी। वे अपने अंशदान की राशि बैंक में जमा करेंगी और उनके घरों में आगामी एक सप्ताह में सोलर प्लांट लगाए जाने की योजना है। इसके बाद यही महिलाएं अपने क्षेत्रों में अन्य बिजली उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से जोड़ने के लिए जागरूक करेंगी। अधिकारियों के मुताबिक प्रत्येक उपभोक्ता के घर सोलर यूनिट लगवाने में सहयोग करने पर सोलर दीदी को औसतन तीन से पांच हजार रुपये तक का आर्थिक लाभ मिल सकता है।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कार्यशाला में महिलाओं से सीधे संवाद कर योजना से जुड़े सवालों और शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना उपभोक्ताओं के लिए दोहरे लाभ का माध्यम बन सकती है। घरेलू खपत के बराबर बिजली उत्पादन होने पर बिजली बिल में बड़ी राहत मिल सकती है, जबकि जरूरत से अधिक बिजली उत्पादन होने पर अतिरिक्त बिजली की राशि साल के अंत में खाते में प्राप्त होने का लाभ भी मिल सकता है। उन्होंने महिलाओं से योजना को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।