पंडरी पुलिस ने 8 घंटे में चोरी का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; 7 हजार रुपये बरामद

रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में घर से 12 हजार रुपये चोरी के मामले का पुलिस ने करीब 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 7 हजार रुपये नगद बरामद किए गए।

Aug 21, 2026 - 19:38
 0  2
पंडरी पुलिस ने 8 घंटे में चोरी का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; 7 हजार रुपये बरामद

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन अंतर्गत थाना पंडरी पुलिस ने घर से नगदी चोरी के मामले का करीब 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 7 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। मामले में सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची।

पुलिस के अनुसार, थाना पंडरी क्षेत्र के मेन रोड मोवा स्थित किराना दुकान संचालक के घर से 12 हजार रुपये नगद चोरी होने की शिकायत सामने आई थी। प्रार्थी ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 अगस्त 2026 की रात परिवार के साथ सोने के बाद सुबह उसकी पत्नी घर का दरवाजा हल्का बंद कर दुकान खोलने चली गई थी। बाद में जब प्रार्थी ने अपनी पेंट की जेब देखी तो उसमें रखे 12 हजार रुपये नहीं मिले। काफी तलाश के बाद भी रकम का पता नहीं चलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना पंडरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सार्वजनिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति घर वाली गली में आता-जाता दिखाई दिया। जांच के दौरान उसकी पहचान पंकज सोनवानी के रूप में हुई।

पुलिस ने पंकज सोनवानी, पिता स्व. मोहन सोनवानी, उम्र 27 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती सतनामी पारा, मोवा, थाना पंडरी, जिला रायपुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घर का दरवाजा हल्का खुला देखकर अंदर प्रवेश करने और 12 हजार रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चोरी की रकम में से 5 हजार रुपये खर्च कर दिए थे, जबकि शेष 7 हजार रुपये उसके पास मौजूद थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 हजार रुपये नगद बरामद कर विधिवत जब्त किए।

मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

थाना पंडरी पुलिस की इस कार्रवाई में घटना के लगभग 8 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा, आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की रकम की बरामदगी की गई। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सफलता मिली।