नारायणपुर में 11.66 करोड़ की लागत से बने कुंदला नाला उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण
नारायणपुर जिले में सोनपुर–नारायणपुर–मरोड़ा मार्ग पर 11.66 करोड़ रुपये की लागत से बने कुंदला नाला उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण किया गया। पुल के शुरू होने से बारिश के मौसम में आवागमन आसान होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा कृषि परिवहन को नई गति मिलेगी।
UNITED NEWS OF ASIA. नारायणपुर l जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क और आवागमन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ग्राम पंचायत कुंदला क्षेत्र में सोनपुर–नारायणपुर–मरोड़ा मार्ग पर बासिंग बहार एवं कुमहला नाला के ऊपर निर्मित उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण किया गया। लगभग 11.66 करोड़ रुपये (1166.39 लाख रुपये) की लागत से निर्मित यह पुल क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा।
लोकार्पण समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
इस उच्च स्तरीय पुल के निर्माण से विशेष रूप से बारिश के मौसम में कुंदला नाला पार करने की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया है। पहले बरसात के दौरान नाले में जलस्तर बढ़ने से लोगों का आवागमन बाधित हो जाता था, जिससे विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब पुल के शुरू होने से पूरे वर्ष सुरक्षित और निर्बाध आवागमन संभव हो सकेगा।
पुल के चालू होने से सोनपुर, नारायणपुर, मरोड़ा और आसपास के कई गांवों के बीच संपर्क पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी, वहीं किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पुल निर्माण के लिए शासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि लंबे समय से इस पुल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और इसके निर्माण से क्षेत्र की बड़ी समस्या का स्थायी समाधान हो गया है। विशेषकर वर्षा ऋतु में अब लोगों को जान जोखिम में डालकर नाला पार नहीं करना पड़ेगा।
लोकार्पण समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, नगर पालिका के पार्षद, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, संयुक्त कलेक्टर डॉ. सुमित गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह उच्च स्तरीय पुल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास का आधार बनेगा। इससे ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।