मूसलाधार बारिश के बीच मददगार बने नरेंद्र मेश्राम, जलभराव में राहगीरों को कराया सुरक्षित पार
नारायणपुर में मूसलाधार बारिश और जलभराव के बीच समाजसेवी एवं रेडक्रॉस सोसायटी के जिला अधिकारी नरेंद्र मेश्राम ने लोगों की मदद के लिए घंटों सड़क पर खड़े रहकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित सड़क पार कराया। उन्होंने जलभराव वाले मार्ग से राहगीरों को निकालने में सहयोग किया और लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की।
UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर l नारायणपुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में समाजसेवी एवं रेडक्रॉस सोसायटी के जिला अधिकारी नरेंद्र मेश्राम लोगों की सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने जलभराव वाले मार्ग पर घंटों मौजूद रहकर राहगीरों को सुरक्षित सड़क पार कराने में मदद की।
सुबह से लगातार हो रही तेज बारिश के बीच सड़क पर पानी का स्तर बढ़ने लगा। जलभराव के कारण खासकर छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क पार करने में कठिनाई हो रही थी। स्थिति को देखते हुए नरेंद्र मेश्राम स्वयं पानी में उतरकर लोगों की सहायता करने लगे। उन्होंने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का हाथ पकड़कर उन्हें जलभराव वाले हिस्से से सुरक्षित बाहर निकाला। कई अन्य राहगीरों को भी सड़क पार कराने में उन्होंने सहयोग किया।