मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 57 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दिया आशीर्वाद

बसना विधानसभा क्षेत्र के सांकरा और गढफुलझर में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत 57 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर नव-दम्पत्तियों को आशीर्वाद दिया और योजना को सामाजिक समरसता व गरीब परिवारों के लिए सहारा बताया।

May 9, 2026 - 11:08
 0  3
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 57 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दिया आशीर्वाद

UNITED NEWS OF ASIA,अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से संवर रहा बेटियों का भविष्य

बसना विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित भव्य समारोह में खुशियों और उल्लास का माहौल देखने को मिला। क्षेत्र के सांकरा और गढफुलझर में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 57 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज एवं मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और नव-दम्पत्तियों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया।

सांकरा में 37 जोड़ों का हुआ विवाह

सांकरा स्थित समरसता भवन में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 37 जोड़ों ने सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने समारोह में शामिल होकर सभी नव-विवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विधायक केवल मंच तक सीमित नहीं रहे, बल्कि स्वयं प्रत्येक जोड़े के पास जाकर उन्हें शासन द्वारा निर्धारित उपहार भेंट किए और अभिभावक की तरह उनका उत्साह बढ़ाया।

इस दौरान विधायक भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि एक पिता के लिए कन्यादान से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं होता। आज बेटियों के हाथ पीले होते देख आत्मिक संतोष की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि बसना विधानसभा का हर परिवार उनका अपना परिवार है और क्षेत्र के लोगों की खुशियां ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं।

गढफुलझर में भी गूंजी शहनाइयां

इसी क्रम में गढफुलझर स्थित मां रामचंडी मंदिर परिसर में भी 20 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। धार्मिक वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नव-दम्पत्तियों ने एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता रमेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह केवल आर्थिक सहयोग नहीं बल्कि सामाजिक समरसता और फिजूलखर्ची रोकने का भी सशक्त माध्यम है। इस योजना से गरीब परिवारों को सम्मानपूर्वक अपनी बेटियों का विवाह कराने का अवसर मिल रहा है।

परिजनों ने जताया आभार

समारोह में उपस्थित वर-वधू पक्ष के परिजनों ने राज्य सरकार और विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस योजना से आर्थिक बोझ कम हुआ है और उनकी बेटियों का विवाह गरिमामय तरीके से संपन्न हो पाया है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने इस आयोजन को सामाजिक एकता और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।