मेढ़की में मिनी स्टेडियम का लोकार्पण, सांसद भोजराज नाग ने गिनाईं केंद्र की योजनाएं

बालोद जिले के ग्राम पंचायत ओरमा के आश्रित ग्राम मेढ़की में करीब 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित मिनी स्टेडियम का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग और विधायक संगीता सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सरपंच मंजुलता साहू ने गांव में 56 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के लिए मांगपत्र सौंपे।

Aug 22, 2026 - 12:07
 0  5
मेढ़की में मिनी स्टेडियम का लोकार्पण, सांसद भोजराज नाग ने गिनाईं केंद्र की योजनाएं

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l बालोद जिला मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत ओरमा के आश्रित ग्राम मेढ़की में खेल और युवाओं के लिए करीब 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित मिनी स्टेडियम का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग रहे, जबकि अध्यक्षता विधायक संगीता सिन्हा ने की। अतिथियों के आगमन पर ग्रामीणों ने गांव बंद रखकर बाजे-गाजे के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और आसपास के क्षेत्र के लोग शामिल हुए।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि मिनी स्टेडियम के निर्माण से मेढ़की सहित आसपास के गांवों के युवाओं और खिलाड़ियों को खेल अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और युवा अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे।

विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि मेढ़की में पहले भी कई विकास कार्य हुए हैं और आने वाले समय में भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जरूरत और मांग के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक कार्य आगे भी कराए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत ओरमा की सरपंच मंजुलता साहू ने ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए सांसद, विधायक, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य और जनपद सदस्य को मांगपत्र सौंपे। इन मांगपत्रों में कुल 56 लाख रुपये के विकास कार्यों की मांग रखी गई। सांसद भोजराज नाग से मेढ़की में कला मंच के बाजू में प्रतीक्षालय और 30 मीटर नाली निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा ओरमा में मुंडन संस्कार के लिए बैठक व्यवस्था और टीन शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की मांग की गई।

विधायक संगीता सिन्हा से मेढ़की में नहर किनारे गणपत घर से छबील साहू के गोदाम तक नाली निर्माण के लिए 5 लाख रुपये और आबादी पारा में निर्मल यादव के घर से मनी साहू के घर तक नाली निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की मांग रखी गई। जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया से दो अलग-अलग नाली निर्माण कार्यों के लिए 10 लाख रुपये तथा शिव मंदिर से मुक्तिधाम तक तालाब किनारे सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की मांग की गई।

जिला पंचायत सदस्य निधि से ओरमा मुख्यालय में पुराने आंगनबाड़ी केंद्र के पास समुदाय के लिए किचन शेड निर्माण हेतु 3 लाख रुपये और जनपद विकास निधि से ओरमा गौठान में मवेशी चरवाहों के लिए बैठक व्यवस्था एवं टीन शेड निर्माण हेतु 3 लाख रुपये की मांग की गई।

कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश सिरवानी, जिला भाजपा महामंत्री छोटू राकेश यादव, जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू, जिला भाजपा मंत्री प्रेम साहू, जनपद सदस्य मोहनी स्पार्कर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ग्राम विकास समिति के पदाधिकारी, ग्राम पटेल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बिहान समूह की सदस्याएं तथा मेढ़की, ओरमा और आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। मिनी स्टेडियम के लोकार्पण और 56 लाख रुपये के विकास कार्यों की मांगों से ग्रामीणों में क्षेत्र के आगामी विकास को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।