एचपीवी टीकाकरण में एमसीबी जिले ने रचा इतिहास, छत्तीसगढ़ में हासिल किया तीसरा स्थान

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले ने गर्भाशय कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। स्वास्थ्य विभाग की प्रभावी रणनीति, प्रशासनिक निगरानी और जनजागरूकता अभियान की बदौलत जिले ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

Jul 6, 2026 - 11:23
 0  2
एचपीवी टीकाकरण में एमसीबी जिले ने रचा इतिहास, छत्तीसगढ़ में हासिल किया तीसरा स्थान

UNITED NEWS OF ASIA. हेमन्त कुमार, मनेंद्रगढ़ l मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए गर्भाशय कैंसर की रोकथाम के लिए संचालित ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान में पूरे छत्तीसगढ़ में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह सफलता जिले की प्रभावी स्वास्थ्य व्यवस्था, प्रशासनिक निगरानी और जमीनी स्तर पर किए गए समन्वित प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

जिले में इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने शुरुआत से ही विशेष रणनीति अपनाई। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से कार्य किया। अभियान की नियमित समीक्षा और समयबद्ध कार्ययोजना के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि पात्र बालिकाओं तक टीकाकरण की सुविधा समय पर पहुंचे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया। विशेष रूप से दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाली बालिकाओं तक पहुंच बनाने के लिए विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किए गए। स्वास्थ्य अमले ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद घर-घर संपर्क कर अभियान को सफल बनाया, जिसके परिणामस्वरूप एमसीबी जिला प्रदेश के शीर्ष तीन जिलों में शामिल होने में सफल रहा।

अभियान की सफलता में जनजागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रारंभिक चरण में एचपीवी वैक्सीन को लेकर लोगों में कई तरह की भ्रांतियां और संकोच थे। इन्हें दूर करने के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, एएनएम, मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद किया। स्कूलों और सामुदायिक केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां यह जानकारी दी गई कि 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीका भविष्य में होने वाले गर्भाशय कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है। इस जागरूकता अभियान के बाद बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपनी बेटियों का टीकाकरण कराया।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर संतन देवी जांगड़े और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने जिले के सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सकों, एएनएम, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सुपरवाइजरों तथा अभियान से जुड़े सभी कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरी टीम के सामूहिक प्रयास और समर्पण का परिणाम है।

डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि जिले का उद्देश्य केवल राज्य में बेहतर रैंक हासिल करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र बालिका को गर्भाशय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए एमसीबी जिला एचपीवी टीकाकरण अभियान में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने का प्रयास करेगा। जिले की इस उपलब्धि को नागरिकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी सराहते हुए इसे बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।