महासमुंद पुलिस का अवैध शराब पर बड़ा अभियान: 216 लीटर से अधिक महुआ व देशी शराब जब्त, 661 पर कार्रवाई

महासमुंद जिले में पुलिस ने अवैध महुआ शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए सरायपाली, बागबाहरा, पटेवा और महासमुंद थानों में दबिश दी। अभियान में 216 लीटर से अधिक शराब जब्त की गई, महुआ पास नष्ट किया गया और कुल 661 लोगों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

May 9, 2026 - 19:38
 0  2
महासमुंद पुलिस का अवैध शराब पर बड़ा अभियान: 216 लीटर से अधिक महुआ व देशी शराब जब्त, 661 पर कार्रवाई

UNITED NEWS OF ASIA. जगदीश पटेल, सरायपाली l महासमुंद जिले में अवैध महुआ शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ा विशेष अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स सहित सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 09 मई 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी दबिश देकर अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसा गया।

थाना सरायपाली, बागबाहरा, पटेवा और महासमुंद की संयुक्त कार्रवाई में कुल 216.840 लीटर अवैध महुआ एवं देशी शराब जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 51,840 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही शराब निर्माण में उपयोग होने वाले भारी मात्रा में बर्तन और उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने लगभग 1000 किलो महुआ पास को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

सरायपाली थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 211 लीटर से अधिक शराब और निर्माण सामग्री जप्त की गई। वहीं एक अन्य आरोपी के कब्जे से 8.640 लीटर एवं 3 लीटर महुआ शराब बरामद कर गिरफ्तारी की गई। इसी प्रकार बागबाहरा थाना क्षेत्र में 1800 एमएल देशी शराब तथा पटेवा थाना क्षेत्र में 3240 एमएल अवैध शराब जब्त की गई।

महासमुंद थाना क्षेत्र में भी सार्वजनिक स्थानों पर चखना ठेला और गुमटी लगाकर शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले चार लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(C) के तहत कार्रवाई की गई। इनके कब्जे से भी शराब जप्त की गई।

पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक जिले में कुल 7157 लीटर से अधिक शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। वहीं 588 प्रकरणों में 661 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। गांव-गांव और शहरों में दबिश देकर ऐसे कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है, जिससे नशे के अवैध व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

जिले में पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम जनता ने भी इस अभियान की सराहना की है।