महासमुंद में धान खरीदी का शुभारंभ: कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब एवं स्थानीय विधायक उपस्थित
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 15 नवंबर 2025 से पूरे प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई। महासमुंद जिले के धान खरीदी केंद्र झालखम्हरिया में कैबिनेट मंत्री श्री खुशवंत साहेब, विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा और श्री संपत अग्रवाल की उपस्थिति में औपचारिक शुभारंभ किया गया। किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. जगदीश पटेल, महासमुंद | छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी पूरे प्रदेश में विधिवत रूप से शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में जिले के धान खरीदी केंद्र झालखम्हरिया में आज खरीदी कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आज किसानों के लिए उत्सव का दिन है। हमारा राज्य किसानों से ही समृद्ध है। यहां तक कि अयोध्या में श्री राम लला के लिए भोग यही छत्तीसगढ़ से चावल भेजा गया था। उन्होंने बताया कि पिछले साल रिकॉर्ड धान खरीदी हुई थी और इस वर्ष भी धान खरीदी में नया रिकॉर्ड स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मंशानुसार किसानों को बोनस एवं सभी समितियों में एटीएम की सुविधा प्रदान की जा रही है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की समस्या न हो।
इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा और विधायक बसना संपत अग्रवाल भी उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी में गांव के कृषक दुर्गेश साहू के 40 क्विंटल धान की तुलाई कर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की गई, जिससे केंद्र में खरीदी का वातावरण और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया।
धान खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। प्रशासनिक अमले एवं समिति के कर्मचारियों द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर किसान को समय पर, व्यवस्थित और बिना किसी परेशानी के धान बेचने की सुविधा मिले।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि जिले में पूरे राज्य में सबसे अधिक धान खरीदी की जाती है। सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए सिकासेर और सिरपुर बैराज का काम पूर्ण हो गया है, जिससे सिंचाई क्षमता में वृद्धि होगी।
विधायक संपत अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के मंशानुसार धान खरीदी सुचारू रूप से की जा रही है और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने अवैध धान की खरीदी-बिक्री पर नजर रखने और प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बताया कि जिले में 130 समितियों के 182 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी जारी है। आज 34 समितियों में 50 किसानों के टोकन कट गए हैं। शाम 5 बजे तक टोकन काटकर धान खरीदी की जा सकती है। जिले में 16 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं और अब तक 23 प्रकरण दर्ज कर 3000 क्विंटल अवैध धान जप्त किया गया है।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद सदस्य विजय लक्ष्मी जांगड़े, संदीप दीवान, पीयूष साहू, प्रकाश शर्मा, राहुल चंद्राकर, पंकज चंद्राकर, संदीप घोष, सरपंच अनेश्वरी चंद्राकर, अपर कलेक्टर रवि साहू, एसडीएम अक्षा गुप्ता और आसपास के किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।