कोटमी गोलीकांड पर सियासत तेज, सराफा व्यापारी हत्याकांड में पुलिस को मिले अहम सुराग
kotmi-shooting-case-politics-intensifies-police-gets-important-clues
UNITED NEWS OF ASIA. सत्यम दीक्षित, गौरेला पेंड्रा मरवाही lजिले के कोटमी साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की लूट और गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले ने अब राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है, वहीं विपक्षी नेताओं ने भी घटना को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। मामले में न्याय की मांग को लेकर राजनीतिक दलों ने सक्रियता बढ़ा दी है।
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जेसीसीजे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी मृतक प्रदीप सोनी के निवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। दोनों नेताओं ने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने घटना को कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही मामले की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग को लेकर मृतक परिवार के साथ कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया।
अटल श्रीवास्तव ने कहा कि व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या और लूट की घटना ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। वहीं अमित जोगी ने भी मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की आवश्यकता बताई। दोनों नेताओं का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होगा।
दूसरी ओर पुलिस भी इस मामले की जांच में तेजी से जुटी हुई है। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने घटना में शामिल आरोपियों की जानकारी देने वाले व्यक्ति को 30 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस का मानना है कि जनता के सहयोग से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं। जानकारी के अनुसार घटनास्थल से लगभग आठ किलोमीटर दूर एक जंगल क्षेत्र से जला हुआ और बिखरा हुआ सामान बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी इसी क्षेत्र में रुके थे और अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से कुछ सामान को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने मौके से मिले सभी सामान को जब्त कर लिया है और उसकी गहन जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि बरामद सामग्री का संबंध सीधे तौर पर लूट और हत्या की घटना से है या नहीं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इन सुरागों से मामले की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।
मृतक व्यापारी की पुत्री आद्या सोनी ने भी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है और उन्हें प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे जिले की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस कब तक आरोपियों तक पहुंचती है और इस चर्चित हत्याकांड का खुलासा करती है।