त्योहारी सीजन में खाद्य सामग्रियों की जांच तेज, कोण्डागांव में 11 नमूने जांच के लिए भेजे गए

कोण्डागांव जिले में त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों की जांच और जन-जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। 19 और 20 अगस्त को मिठाई दुकानों, वितरक फर्मों और डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर पनीर, मिठाई, बेसन, खाद्य तेल, घी, चावल सहित 11 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। विभाग ने कारोबारियों को स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के उचित रख-रखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

Aug 27, 2026 - 13:53
 0  8
त्योहारी सीजन में खाद्य सामग्रियों की जांच तेज, कोण्डागांव में 11 नमूने जांच के लिए भेजे गए

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोण्डागांव l त्योहारी सीजन के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापरक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों की जांच के साथ जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ दीपक अग्रवाल के आदेश, जिला कलेक्टर के निर्देशन तथा अभिहित अधिकारी कोण्डागांव के नेतृत्व में ‘बने खाबा-बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत 19 अगस्त 2026 को विभागीय टीम ने कोण्डागांव शहर के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और रख-रखाव की स्थिति की जांच की गई। इस दौरान पनीर एवं विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के कुल चार नमूने संकलित किए गए। सभी नमूनों को खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।

इसके बाद 20 अगस्त 2026 को विभागीय टीम ने कोण्डागांव शहर स्थित विभिन्न वितरक फर्मों और डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर, सूजी रस्क, बेसन, खाद्य तेल, घी, चावल और टॉफी के कुल सात नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। इस प्रकार दो दिनों की कार्रवाई में खाद्य पदार्थों के कुल 11 नमूने खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। विभागीय अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों का उचित रख-रखाव करने, निर्धारित परिस्थितियों में उनका भंडारण करने तथा खाद्य सुरक्षा से संबंधित नियमों और मानकों का पालन सुनिश्चित करने की समझाइश दी।

विभागीय टीम ने आम नागरिकों और खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित खाद्य पदार्थों, स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री से संबंधित पर्चों का वितरण भी किया। नागरिकों को खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, साफ-सफाई और उचित पैकेजिंग जैसी बातों पर ध्यान देने के लिए जागरूक किया गया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा आगामी त्योहारी अवधि को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना संकलन की कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है। साथ ही जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों और खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित खाद्य व्यवस्था के प्रति जागरूक किया जाएगा। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारी सीजन में मिलावटी या मानकों के अनुरूप नहीं होने वाली खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखना और आम लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।