खुटाघाट डैम के चौकीदार की पीट-पीटकर हत्या, मछली चोरी की रंजिश में वारदात

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में खुटाघाट डैम के चौकीदार तीरथ राम यादव की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार घटना के पीछे मछली चोरी को लेकर पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Jul 12, 2026 - 15:48
 0  2
खुटाघाट डैम के चौकीदार की पीट-पीटकर हत्या, मछली चोरी की रंजिश में वारदात

UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी, बिलासपुर l छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में खुटाघाट डैम के चौकीदार की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार देर रात नवागांव महुआ डबरी तालाब के पास अज्ञात हमलावरों ने चौकीदार तीरथ राम यादव की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे मछली चोरी को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश सामने आई है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, मेलनाडीह निवासी श्याम सिंह पोर्ते ने रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह और तीरथ राम यादव खुटाघाट डैम में चौकीदारी का कार्य करते थे। कुछ समय पहले डैम में मछली चोरी करते हुए गोलू धीवर और अनिश धीवर को पकड़ा गया था। आरोप है कि चौकीदारों ने चोरी का वीडियो बनाया, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने उनका मोबाइल भी तोड़ दिया था। इस मामले में पहले प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और रंजिश बनी हुई थी।

रिपोर्ट के अनुसार, 11 जुलाई की रात दोनों चौकीदार मोटरसाइकिल से नवागांव स्थित कैंप ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक से गिरते ही आरोपियों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। श्याम सिंह पोर्ते किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले, जबकि तीरथ राम यादव को आरोपियों ने पकड़ लिया और बेरहमी से पीटते रहे। गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि रात का अंधेरा होने के कारण शव तत्काल नहीं मिल सका। रविवार सुबह दोबारा सर्च अभियान चलाया गया, जिसके दौरान खेत से शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

रतनपुर पुलिस ने श्याम सिंह पोर्ते की शिकायत पर अपराध क्रमांक 485/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 3 और 5 के तहत मामला कायम किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।