Raipur News : खेल मड़ई बना स्वास्थ्य और सौहार्द का मंच, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बढ़ाया पत्रकार खिलाड़ियों का उत्साह

रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित इंटर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शामिल होकर पत्रकार खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेलों को स्वस्थ जीवनशैली एवं आपसी सौहार्द का माध्यम बताया।

Feb 8, 2026 - 18:25
 0  5
Raipur News : खेल मड़ई बना स्वास्थ्य और सौहार्द का मंच, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बढ़ाया पत्रकार खिलाड़ियों का उत्साह

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि अच्छे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की व्यस्त दिनचर्या के बावजूद खेलों के प्रति उनका उत्साह सराहनीय है। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित खेल मड़ई को प्रेरणादायक पहल बताते हुए आयोजकों एवं प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दीं।

रायपुर प्रेस क्लब द्वारा स्वर्गीय कुलदीप निगम की स्मृति में खेल मड़ई के अंतर्गत नेताजी सुभाष स्टेडियम, रायपुर में इंटर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में पत्रकार जगत की विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक और उत्साहपूर्ण मुकाबले खेले जा रहे हैं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को उनकी व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय निकालकर खेलों से जोड़ना, आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचीं और मैदान में मौजूद पत्रकार खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आपसी सहयोग, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा को मजबूत करते हैं तथा समाज में खेल संस्कृति को बढ़ावा देते हैं।

इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, सहसचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े, खेल आयोजन समिति के संयोजक विजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे।