खैरागढ़ के सोनेसरार वार्ड में कोठले परिवार की मजबूत पकड़, 250 PM आवास और विकास कार्यों के दम पर फिर जीत की उम्मीद

खैरागढ़ नगर पालिका के वार्ड नंबर 14 संत रविदास वार्ड, सोनेसरार में पार्षद देवीन कमलेश कोठले के कार्यकाल और विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज है। वार्ड में करीब 250 प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति, सीसी रोड, नाली निर्माण, रविदास भवन और शीतला मंदिर जैसे कार्यों का दावा किया गया है। वार्ड को नगर पालिका का पहला ओडीएफ वार्ड पुरस्कार मिलने की बात भी सामने आई है। अनुसूचित जाति मुक्त आरक्षण के बाद अब सबकी नजर आगामी चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों पर है।

Oct 17, 2026 - 11:29
 0  2
खैरागढ़ के सोनेसरार वार्ड में कोठले परिवार की मजबूत पकड़, 250 PM आवास और विकास कार्यों के दम पर फिर जीत की उम्मीद

UNITED NEWS OF ASIA. मनोहर सेन, खैरागढ़ l खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। नगर पालिका के 20 वार्डों में चुनावी माहौल के बीच हमारी विशेष सीरीज ‘पार्षद का रिपोर्ट कार्ड’ के तहत वार्डों में हुए विकास कार्यों, जनसमस्याओं और पार्षदों के कामकाज की जमीनी पड़ताल की जा रही है। इसी कड़ी में हमारी टीम वार्ड नंबर 14 संत रविदास वार्ड, सोनेसरार पहुंची, जहां वर्तमान पार्षद देवीन कमलेश कोठले के कार्यकाल और वार्ड की राजनीतिक स्थिति को लेकर लोगों से बातचीत की गई।

सोनेसरार वार्ड को स्थानीय राजनीति में भाजपा के मजबूत प्रभाव वाले क्षेत्रों में गिना जाता है। यहां भाजपा नेता कमलेश कोठले का परिवार लंबे समय से सक्रिय रहा है। वर्तमान में उनकी पत्नी देवीन कमलेश कोठले पार्षद हैं। वार्डवासियों से बातचीत के दौरान शासन की योजनाओं के लाभ और पार्षद की सक्रियता को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड और महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने में पार्षद ने सहयोग किया है। हालांकि, कुछ परिवार अभी भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में उनकी समस्या का समाधान होगा।

विकास कार्यों की बात करें तो पार्षद के अनुसार, वार्ड में लगभग 4 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक मंच का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 7 लाख रुपये की लागत से रविदास भवन की स्वीकृति मिली है, जबकि 3.75 लाख रुपये की लागत से शीतला मंदिर निर्माण का कार्य भी विकास कार्यों में शामिल है। इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड और 25 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण कराए जाने का दावा किया गया है। यात्री प्रतीक्षालय के लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृति और चार नए बोर खनन का कार्य भी प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया गया है।

पार्षद देवीन कमलेश कोठले के मुताबिक, वार्ड में लगभग 250 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं। इसके साथ ही 200 उज्ज्वला योजना कनेक्शन और 330 महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिलने की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि बुजुर्गों को निराश्रित पेंशन का लाभ दिलाने के लिए भी प्रयास किए गए हैं। उनके कार्यकाल की एक प्रमुख उपलब्धि वार्ड को नगर पालिका का पहला ओडीएफ यानी खुले में शौच से मुक्त वार्ड का पुरस्कार मिलना बताया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी यदि दोबारा अवसर देती है तो वह फिर चुनाव लड़कर जनता की सेवा करना चाहेंगी।

नगर पालिका की नई आरक्षण व्यवस्था में वार्ड नंबर 14 की सीट अनुसूचित जाति मुक्त श्रेणी में आई है। ऐसे में आगामी चुनाव में प्रत्याशी चयन महत्वपूर्ण होगा। कोठले परिवार की लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक पकड़ और विकास कार्यों के दावों के बीच भाजपा अपनी स्थिति मजबूत मान सकती है, लेकिन चुनावी मुकाबले का वास्तविक स्वरूप प्रत्याशियों की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कांग्रेस इस वार्ड में भाजपा को चुनौती देने के लिए किस उम्मीदवार को मैदान में उतारती है। क्या सोनेसरार में कोठले परिवार अपनी राजनीतिक पकड़ बरकरार रख पाएगा या विपक्ष कोई नया समीकरण बनाएगा? इसका जवाब आगामी नगर पालिका चुनाव के परिणामों में मिलेगा।