प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा से बदली देश की तस्वीर : केदार कश्यप

दुर्ग में आयोजित संभाग स्तरीय प्रेस वार्ता में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा और छत्तीसगढ़ को मिली विकास की सौगातों को रेखांकित किया। उन्होंने गरीब कल्याण, आवास, किसान सहायता, स्वास्थ्य, सड़क, रेल, जनजातीय विकास, शिक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी और बस्तर में शांति सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए कार्यों का उल्लेख किया।

Oct 7, 2026 - 08:25
 0  5
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा से बदली देश की तस्वीर : केदार कश्यप

UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l दुर्ग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दुर्ग संभाग स्तरीय महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। दुर्ग के सर्किट हाउस, साइंस कॉलेज के बाजू में आयोजित प्रेस वार्ता को छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने संबोधित किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, विधायक ललित चंद्राकर, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, सभापति श्याम शर्मा, जिला महामंत्री दिलीप साहू और मीडिया प्रभारी राजा महोबिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने इस अवसर को सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई मोदी की राजनीतिक यात्रा आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में आगे बढ़ रही है। कश्यप के अनुसार, इस दौरान गरीब परिवारों को पक्का घर, किसानों को आर्थिक सहायता, महिलाओं को सुविधाएं, युवाओं को अवसर और देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं।  

प्रेस वार्ता में गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने आम नागरिकों तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच बढ़ाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत लगभग 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न मिलने और जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों के बैंक खातों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने की बात कही।

महिलाओं के लिए उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 39 लाख 54 हजार महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है, जबकि 41 लाख 50 हजार ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने की जानकारी दी गई। आयुष्मान भारत के तहत पात्र परिवारों को अस्पताल में भर्ती होने पर प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के उपचार का सुरक्षा कवच मिलने की बात भी उन्होंने कही। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को महत्वपूर्ण सहायता बताते हुए कश्यप ने कहा कि प्रदेश के 25 लाख 51 हजार किसानों को 11 हजार 277 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता खातों में पहुंचाई गई है।  

छत्तीसगढ़ में आवास और बुनियादी ढांचे के विकास पर भी प्रेस वार्ता में जोर दिया गया। कश्यप ने बताया कि प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों के निर्माण की जानकारी दी गई है। उन्होंने रेलवे के क्षेत्र में लगभग 51 हजार करोड़ रुपये की लागत से सुविधाओं के विस्तार, नई रेल लाइनों, दोहरीकरण और अन्य कार्यों का उल्लेख किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की बात भी कही गई। 

जनजातीय विकास को लेकर कश्यप ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम जनमन योजना का उल्लेख किया। उनके अनुसार, धरती आबा अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों के समग्र विकास पर काम किया जा रहा है। पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों तक आवास, सड़क, पानी, बिजली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
 
बस्तर में शांति और विकास का मुद्दा भी प्रेस वार्ता में प्रमुखता से उठाया गया। कश्यप ने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि अब बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, संचार और आजीविका के अवसरों को मजबूत करने पर ध्यान दिया जा रहा है। नियद नेल्लानार जैसी पहल के माध्यम से सुरक्षा शिविरों के आसपास के गांवों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने की बात भी उन्होंने कही। 

उन्होंने छत्तीसगढ़ में सड़क, रेल, ऊर्जा, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। रायपुर-विशाखापत्तनम मार्ग सहित प्रमुख सड़क परियोजनाओं, पीएम श्री विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों, डिजिटल कनेक्टिविटी और औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को प्रदेश के विकास से जोड़ा गया। कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास जारी है।    

अंत में केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष का अवसर सेवा भावना को और मजबूत करने का समय है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, उनकी समस्याएं सुनने और समाधान में सहयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार और संगठन की जिम्मेदारी है।