मनेंद्रगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन टन लोहा कबाड़ और पिकअप वाहन जब्त, पांच लाख रुपये का मशरूका बरामद

छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संदिग्ध लोहा कबाड़ से भरे पिकअप वाहन को जब्त किया है। वाहन से करीब तीन टन लोहा कबाड़ बरामद हुआ, जिसकी कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है। पिकअप सहित कुल पांच लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस कबाड़ के वास्तविक मालिक और उसके स्रोत की जांच कर रही है।

Oct 13, 2026 - 07:59
 0  3
मनेंद्रगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन टन लोहा कबाड़ और पिकअप वाहन जब्त, पांच लाख रुपये का मशरूका बरामद

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l जिले में चोरी की संपत्ति की खरीद-बिक्री और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मनेंद्रगढ़ कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-43 पर खेड़िया चौक के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर करीब तीन टन पुराना लोहा कबाड़ जब्त किया है। जब्त कबाड़ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस कबाड़ के वास्तविक स्रोत और मालिक की जांच कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में जिले में चोरी की संपत्ति और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के तहत 11 और 12 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात कोतवाली थाना प्रभारी विवेक पाटले को मुखबिर से सूचना मिली कि बैकुंठपुर की ओर से एक पिकअप वाहन में कथित रूप से चोरी का लोहा कबाड़ भरकर मनेंद्रगढ़ की ओर बिक्री के लिए ले जाया जा रहा है।

मुखबिर ने पुलिस को संदिग्ध पिकअप वाहन का पंजीयन क्रमांक MP-65-GA-2265 भी बताया था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-43 स्थित खेड़िया चौक के पास पहुंचकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए विवरण से मिलता-जुलता पिकअप वाहन दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और उसकी तलाशी ली।

पुलिस के अनुसार, वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम प्रभु सिंह, पिता केवल सिंह, उम्र 29 वर्ष, निवासी कोड़ा, थाना झगराखंड बताया। वाहन की जांच के दौरान उसमें बड़ी मात्रा में पुराना लोहा कबाड़ लोड पाया गया। पुलिस ने चालक से कबाड़ की खरीदी-बिक्री और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह मौके पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस ने वाहन में लोड लगभग तीन टन पुराने लोहे के कबाड़ को जब्त कर लिया। जब्त कबाड़ की अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं, परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन की अनुमानित कीमत चार लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल पांच लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त लोहा कबाड़ कहां से लाया गया था, इसका वास्तविक मालिक कौन है और इसे किस स्थान पर बेचा जाना था। साथ ही कबाड़ की खरीद-बिक्री से जुड़े संभावित अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कबाड़ के चोरी का होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी विवेक पाटले, साइबर सेल के एएसआई राकेश शर्मा, प्रधान आरक्षक राकेश शर्मा, प्रधान आरक्षक जय साहू, आरक्षक आजाद, साइबर टीम के आरक्षक प्रमोद यादव और आरक्षक राजकुमार तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला एमसीबी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी की संपत्ति की खरीद-बिक्री या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।