हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ी महिला समूह की दीदियां, बिहान समूह कर रही तिरंगा निर्माण और विक्रय

कबीरधाम जिले में हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों ने तिरंगा निर्माण शुरू किया है। जिला पंचायत और सभी जनपद पंचायत मुख्यालयों में समूहों द्वारा गुणवत्तापूर्ण तिरंगे कम दर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिलाओं ने आम नागरिकों से समूह द्वारा निर्मित तिरंगे खरीदकर अभियान में सहभागी बनने और महिला समूहों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।

Aug 13, 2026 - 18:31
 0  3
हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ी महिला समूह की दीदियां, बिहान समूह कर रही तिरंगा निर्माण और विक्रय

UNITED NEWS OF ASIA. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संचालित हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए कबीरधाम जिले की महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियां भी सक्रिय रूप से जुड़ गई हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़ी महिला समूहों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा तैयार किया जा रहा है और इसे आम नागरिकों के लिए कम दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिला पंचायत कबीरधाम सहित जनपद पंचायत कवर्धा, बोड़ला, पंडरिया एवं सहसपुर लोहारा के मुख्यालयों में महिला समूहों द्वारा निर्मित तिरंगे बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। समूहों द्वारा विभिन्न आकारों में गुणवत्तापूर्ण तिरंगे तैयार किए गए हैं, ताकि आम नागरिक आसानी से अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हर घर तिरंगा अभियान का हिस्सा बन सकें।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महिला समूहों द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी तिरंगा निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के तहत तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बिहान समूह की महिलाओं का इस अभियान से जुड़कर स्वयं राष्ट्रीय ध्वज का निर्माण करना महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी का प्रेरणादायक उदाहरण है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे महिला समूहों द्वारा तैयार गुणवत्तापूर्ण तिरंगे खरीदें और महिलाओं के उत्साह को बढ़ाएं।

जिले में विभिन्न महिला समूहों द्वारा अब तक तिरंगे की बिक्री भी की गई है। मिनिमाता समूह ग्राम बटुराकछार, कवर्धा ने 230 झंडों की बिक्री कर 11,500 रुपये की राशि अर्जित की। महामाया समूह ग्राम मरका, कवर्धा ने 70 झंडे बेचकर 3,500 रुपये की बिक्री की। सहेली समूह ग्राम सिल्हाटी, सहसपुर लोहारा ने 220 झंडों की बिक्री से 11,000 रुपये अर्जित किए। हरी ओम समूह ग्राम बटुराकछार ने 65 झंडों की बिक्री कर 3,250 रुपये प्राप्त किए। वहीं बोड़ला ब्लॉक में कुल 300 झंडों की बिक्री से 15,000 रुपये की राशि प्राप्त हुई।

महिला समूहों की दीदियों ने बताया कि वे हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागी हैं। उनका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण तिरंगे तैयार कर उन्हें कम कीमत पर अधिक से अधिक घरों तक पहुंचाना है। जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत स्तर पर आम नागरिकों के लिए तिरंगे उपलब्ध कराए गए हैं।

महिला समूहों की इस पहल से जहां हर घर तिरंगा अभियान को मजबूती मिल रही है, वहीं ग्रामीण महिलाओं को आजीविका और आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।