कवर्धा में देवी खप्पर यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, 7 सेक्टरों में सुरक्षा व्यवस्था; CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी

कवर्धा में 19 और 20 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात निकलने वाली पारंपरिक देवी खप्पर यात्रा को लेकर कबीरधाम पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। यात्रा मार्ग को 7 सेक्टरों में बांटा गया है। CCTV, ड्रोन कैमरों, पेट्रोलिंग पार्टियों और रिजर्व पुलिस बल के माध्यम से निगरानी की जाएगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

Oct 18, 2026 - 16:09
 0  3
कवर्धा में देवी खप्पर यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, 7 सेक्टरों में सुरक्षा व्यवस्था; CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l नवरात्रि पर्व के अवसर पर कवर्धा में 19 और 20 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात निकलने वाली पारंपरिक देवी खप्पर यात्रा को लेकर कबीरधाम पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। मां दंतेश्वरी मंदिर, मां परमेश्वरी मंदिर और मां चंडी मंदिर से पंडा एवं बैगाओं द्वारा निकाली जाने वाली इस धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

7 सेक्टरों में बंटा यात्रा मार्ग

देवी खप्पर यात्रा की सुरक्षा के लिए निर्धारित मार्ग को सात सेक्टरों में विभाजित किया गया है। तीनों मंदिरों से निकलने वाली यात्राओं के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें और पेट्रोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहेगा। एकता चौक, जयस्तंभ चौक, गायत्री मंदिर चौक, महामाया मंदिर चौक और राजमहल चौक सहित प्रमुख स्थानों पर रस्सा पार्टी तैनात रहेगी।

CCTV और ड्रोन से निगरानी

यात्रा मार्ग और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। पुलिस द्वारा आवश्यक फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। जिला विशेष शाखा सूचना संकलन करेगी, जबकि पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से तैनात अधिकारियों के बीच समन्वय बनाए रखा जाएगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख मार्गों पर पेट्रोलिंग, रिजर्व बल तैयार

बिलासपुर, राजनांदगांव, रायपुर और भोरमदेव मार्ग पर आउटर पेट्रोलिंग एवं हाईवे पेट्रोलिंग सक्रिय रहेगी। इसके अलावा सिग्नल चौक और महामाया मंदिर चौक पर पेट्रोलिंग पार्टियां तथा एकता चौक और राजमहल चौक पर बोल्ड एक्शन पार्टियां तैनात रहेंगी। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए थाना सिटी कोतवाली कवर्धा में सैकड़ों की संख्या में रिजर्व बल स्टैंड-बाय पर रखा जाएगा।

यातायात व्यवस्था को लेकर अपील

यात्रा के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन नियंत्रित किया जा सकता है। जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्सन भी लागू किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से यात्रा मार्ग पर वाहन खड़ा नहीं करने, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

कबीरधाम पुलिस ने श्रद्धालुओं, आयोजन समितियों और आम नागरिकों से शांति, अनुशासन एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने का आग्रह किया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने और उन्हें आगे साझा करने से बचने की अपील भी की है। धार्मिक भावनाएं भड़काने, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध परिस्थितियों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य देवी खप्पर यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने और धार्मिक परंपरा की मर्यादा बनाए रखने की अपेक्षा की गई है।