कवर्धा में पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर अंडर-19 बैडमिंटन ट्रायल, 130 खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल

कवर्धा में पहली बार छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर अंडर-19 बैडमिंटन स्टेट ट्रायल आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेशभर के 130 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विजेता खिलाड़ी अब नेशनल स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर शुभकामनाएं दीं।

Nov 5, 2025 - 20:24
 0  13
कवर्धा में पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर अंडर-19 बैडमिंटन ट्रायल, 130 खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा । कबीरधाम जिले में पहली बार छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर अंडर-19 बैडमिंटन के राज्य स्तरीय ट्रायल का आयोजन किया गया। कवर्धा के इनडोर स्टेडियम स्थित बैडमिंटन कोर्ट में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 130 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। यह प्रतियोगिता पांच वर्गों — बॉयज सिंगल्स, गर्ल्स सिंगल्स, बॉयज डबल्स, गर्ल्स डबल्स और मिक्स डबल्स — में खेली गई।

कबीरधाम बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन समारोह 5 नवंबर को हुआ, जिसमें कलेक्टर गोपाल वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान करते हुए कहा कि “खेल अनुशासन, एकाग्रता और आत्मविश्वास सिखाता है। कवर्धा की धरती खेल प्रतिभाओं से भरी है और अब उन्हें मंच मिलने लगा है।” उन्होंने सभी विजेताओं को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता (नेशनल लेवल) में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि इनडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण के बाद जिले में खेलों को लेकर माहौल बदला है और अब अधिक से अधिक खिलाड़ी बैडमिंटन की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि निकट भविष्य में कबीरधाम जिले में वेटरन बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित करने का अवसर भी मिलेगा।

 

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, राष्ट्रीय बैडमिंटन संघ (दिल्ली) के सचिव संजय मिश्रा, छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष श्री अकरम खान, ट्रेजरर श्री संजय भंसाली, तथा एसबीआई मैनेजर सतेन्द्र कुमार सहित कई खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

 चंद्रवंशी ने कहा कि “यह खेल जीत-हार का नहीं, बल्कि सीखने और आगे बढ़ने का माध्यम है। जो खिलाड़ी इस बार नहीं जीत सके, वे अगले अवसर के लिए प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें।” उन्होंने आयोजन समिति और कलेक्टर वर्मा के प्रति आभार जताया कि उनके प्रयासों से कवर्धा को ऐसा आयोजन देखने का मौका मिला।

 

राष्ट्रीय बैडमिंटन संघ के सचिव संजय मिश्रा ने कहा कि “कवर्धा में यह आयोजन राज्य के खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा है। छोटे शहरों से निकलकर आज खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं, जो छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है।”

इस स्टेट ट्रायल में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

  • मिक्स डबल्स वर्ग में अक्षत मिश्रा और राशि माल की जोड़ी ने विजेता का खिताब जीता।

  • बालिका सिंगल्स वर्ग में रेवाराजे वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

  • बालक सिंगल्स वर्ग में अक्षयदत्त मिश्रा ने विजेता बनकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

  • बालिका डबल्स वर्ग में राशि माल और रेनुश्री यावर्णा की जोड़ी विजेता रही।

  • बालक डबल्स वर्ग में गर्भित कंसल और सार्थककांत थॉमस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

यह प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं के प्रदर्शन का मंच बनी, बल्कि कवर्धा जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित हुई।
विजेता खिलाड़ी अब नेशनल स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।