कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर पशुओं को देख उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को लगाई फटकार
कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर सड़क के बीच पशुओं को बैठे देखकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने देर रात मौके पर वाहन रुकवाकर हाइवे पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पेट्रोलिंग वाहन को मौके पर बुलाकर पशु रेस्क्यू, नियमित निरीक्षण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों को गौवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और नियमित पेट्रोलिंग के सख्त निर्देश दिए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा-बेमेतरा l कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर सड़क के बीच पशुओं को बैठे देखकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने गंभीर नाराजगी जताई। कवर्धा जाते समय मंगलवार देर रात बेमेतरा टोल प्लाजा के पास उन्होंने सड़क पर पशुओं की मौजूदगी देख अपना वाहन रुकवाया और तत्काल संबंधित विभागीय अधिकारियों से मोबाइल पर बातचीत कर हाइवे पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से यह भी पूछा कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप हाइवे पर नियमित पेट्रोलिंग और पशु रेस्क्यू की कार्रवाई किस तरह की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि हाइवे पेट्रोलिंग वाहन द्वारा मार्ग का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसके बाद विजय शर्मा ने पेट्रोलिंग वाहन को मौके पर बुलवाया और अब तक किए गए पशु रेस्क्यू ऑपरेशन, प्रतिदिन किए जाने वाले निरीक्षण तथा अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कवर्धा से बेमेतरा के बीच आने वाले गांवों के स्थानीय लोगों के माध्यम से भी पेट्रोलिंग वाहन की गतिविधियों की नियमित जानकारी ली जाए, ताकि व्यवस्था की प्रभावी निगरानी हो सके।
सड़क पर पशुओं की मौजूदगी को लेकर विजय शर्मा ने विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर हाइवे पेट्रोलिंग को प्रभावी और नियमित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क पर बैठे या विचरण कर रहे पशुओं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया कि गौवंश की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क पर पशुओं के मौजूद रहने से दोहरी समस्या उत्पन्न होती है। एक ओर गौवंश की जान को खतरा रहता है, वहीं दूसरी ओर वाहन चालकों और यात्रियों के लिए भी गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर रात के समय कम दृश्यता के कारण सड़क पर बैठे पशुओं का समय पर दिखाई नहीं देना हादसे का कारण बन सकता है। ऐसे में पेट्रोलिंग दल को लगातार मार्ग का निरीक्षण करते हुए सड़क पर मौजूद पशुओं को सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेट्रोलिंग व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी निर्णयों का प्रभावी तरीके से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि गौवंश की सुरक्षा के साथ-साथ वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क सुरक्षा और गौवंश की रक्षा से जुड़े कार्यों में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने हाइवे पेट्रोलिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।