कांकेर-नारायणपुर सीमा पर नक्सल डम्प का खुलासा, दो रायफल और लैपटॉप सहित बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद
कांकेर-नारायणपुर सीमा के जंगल में सुरक्षा बलों ने संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों के एक डम्प का खुलासा किया। कार्रवाई में दो .303 रायफल, कारतूस, लैपटॉप, टैबलेट, रेडियो सेट, वायरलेस बैटरियां, नक्सली वर्दी और अन्य सामग्री बरामद की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. राजेन्द्र मंडावी,कांकेर l छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र के ग्राम आलपरस और गुमचुर के बीच स्थित जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों के एक छिपे हुए डम्प का पता लगाया गया। कार्रवाई में हथियारों के साथ संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और नक्सली साहित्य सहित बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने की। सुरक्षा बलों को मिली सूचना के आधार पर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सली डम्प बरामद हुआ।
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने डम्प से दो .303 रायफल, 32 जीवित कारतूस, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, तीन वायरलेस बैटरियां, एक रेडियो सेट, दो नक्सली वर्दी, पांच पाउच, दो चार्जर, एक बैटरी तथा नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार, इन उपकरणों का उपयोग नक्सली संगठन संचार व्यवस्था बनाए रखने और अपनी गतिविधियों के संचालन में करता था।
यह संयुक्त अभियान पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ कोयलीबेड़ा के अधिकारियों के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। सुरक्षा एजेंसियां लगातार सीमावर्ती संवेदनशील इलाकों में संयुक्त अभियान चलाकर नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लगातार चल रहे सर्चिंग अभियान और सुरक्षा बलों की प्रभावी मौजूदगी के कारण नक्सलियों की गतिविधियां कमजोर पड़ रही हैं। नक्सल संगठन द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियार और अन्य संसाधनों की बरामदगी सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे भविष्य में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।
इस अभियान में बीएसएफ, डीआरजी और थाना कोयलीबेड़ा के अधिकारियों एवं जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी संयुक्त अभियान और सघन तलाशी अभियान लगातार जारी रहेंगे। सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में नक्सलियों के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई कर रही हैं।