प्रधानमंत्री आवास योजना से कबीरधाम के हजारों ग्रामीण परिवारों को मिला पक्का घर, सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत कबीरधाम जिले में 99 हजार 790 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 86 हजार 477 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। योजना के साथ रोजगार, शौचालय, उज्ज्वला, नल-जल, बिजली, आयुष्मान और राशन जैसी सुविधाओं का लाभ भी हितग्राही परिवारों को मिल रहा है।

Sep 3, 2026 - 10:26
 0  5
प्रधानमंत्री आवास योजना से कबीरधाम के हजारों ग्रामीण परिवारों को मिला पक्का घर, सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन से कबीरधाम जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवासहीन तथा कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित इस योजना ने लोगों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व की नई उम्मीद पैदा की है। वर्ष 2016 से 2023 तथा वर्ष 2024 से 2026 तक जिले को कुल 1 लाख 91 आवास निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ, जिसके विरुद्ध 99 हजार 790 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से अब तक 86 हजार 477 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इस तरह स्वीकृत आवासों में लगभग 87 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है, जो राज्य के लगभग 84 प्रतिशत औसत से अधिक है।

वर्ष 2016 से 2023 के दौरान कबीरधाम जिले को 48 हजार 656 आवासों का लक्ष्य मिला था और लक्ष्य के अनुरूप सभी 48 हजार 656 आवास स्वीकृत किए गए। इनमें से 48 हजार 634 हितग्राहियों को पहली किश्त, 48 हजार 61 को दूसरी किश्त और 47 हजार 550 हितग्राहियों को तीसरी किश्त की राशि मिल चुकी है। इस अवधि में 47 हजार 164 आवासों का निर्माण पूर्ण कराया गया। इसी तरह वर्ष 2024 से 2026 के दौरान जिले को 51 हजार 435 आवासहीन ग्रामीण परिवारों के लिए आवास निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ। इनमें से 51 हजार 134 आवास स्वीकृत किए गए हैं। अब तक 50 हजार 849 हितग्राहियों को पहली किश्त, 47 हजार 206 को दूसरी किश्त और 37 हजार 496 हितग्राहियों को तीसरी किश्त जारी की जा चुकी है। इस अवधि में 39 हजार 313 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है।

आवास निर्माण को गति देने के लिए जिला स्तर पर नियमित समीक्षा और जनपद पंचायतवार प्रगति की निगरानी की जा रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव, रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक और आवास मित्र हितग्राहियों से निरंतर संपर्क कर उन्हें निर्माण के विभिन्न चरणों में आवश्यक मार्गदर्शन दे रहे हैं। अधिकारियों और मैदानी अमले द्वारा यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि पात्र हितग्राहियों को किश्त की राशि समय पर मिले और राशि प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो। इससे ग्रामीण परिवार अपने सपनों के पक्के घर को तेजी से आकार दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ केवल पक्का मकान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। योजना के अभिसरण से हितग्राही परिवारों को अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। आवास निर्माण के दौरान हितग्राहियों को विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन-ग्रामीण के तहत 90 दिनों के रोजगार का अवसर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही शौचालय की सुविधा मिलने से स्वच्छता और सम्मानजनक जीवन का वातावरण तैयार हुआ है। उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, नल-जल योजना से पेयजल, बिजली सुविधा, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ने जैसे लाभ भी परिवारों तक पहुंचाए जा रहे हैं।

कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्रगति ग्रामीण विकास और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आई है। जिन परिवारों को पहले कच्चे और असुरक्षित मकानों में मौसम की चुनौतियों के बीच जीवन बिताना पड़ता था, उनके पास अब अपना पक्का घर है। यह आवास केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, बच्चों के बेहतर भविष्य, महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण और सामाजिक सम्मान की मजबूत नींव बन रहा है। योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों के जीवन में आया यह बदलाव सतत प्रयास, प्रशासनिक निगरानी और हितग्राहियों की भागीदारी का परिणाम है।