रायपुर जोन-1 में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का पायलट प्रोजेक्ट शुरू, मिक्स कचरा देने पर लगेगा जुर्माना

रायपुर नगर निगम के जोन-1 में अनुग्रह रेसीडेंसी और साम्राज्य रेसीडेंसी से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। बैठक में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग देने को अनिवार्य करते हुए मिश्रित कचरा देने वालों पर जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया।

Jul 12, 2026 - 14:54
 0  2
रायपुर जोन-1 में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का पायलट प्रोजेक्ट शुरू, मिक्स कचरा देने पर लगेगा जुर्माना

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर निगम के जोन-1 में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया है। जोन कार्यालय में आयोजित बैठक में अनुग्रह रेसीडेंसी और साम्राज्य रेसीडेंसी में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में घर-घर से कचरा संग्रहण शुरू करने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग नहीं देने वाले लोगों पर नियमानुसार जुर्माना लगाने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता जोन-1 अध्यक्ष गज्जू साहू ने की। बैठक में एमआईसी सदस्य नंदकिशोर साहू, पार्षद डॉ. मनमोहन मनहरे, अंबिका साहू, राजेश कुमार देवांगन, परमिला बल्ला राम साहू, सोहन साहू, जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा, जोन स्वास्थ्य अधिकारी खेमलाल देवांगन, स्वच्छता निरीक्षक एवं स्वच्छता दीदियों सहित वार्ड सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

बैठक में तय किया गया कि रामकी कंपनी के माध्यम से अनुग्रह रेसीडेंसी और साम्राज्य रेसीडेंसी में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण किया जाएगा। प्रत्येक घर से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति मिश्रित कचरा देगा तो उसके खिलाफ मौके पर ही नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने व्यवसायिक क्षेत्रों में भी प्रतिदिन नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। वहीं झुग्गी-बस्ती क्षेत्रों में व्हील विंग के माध्यम से रामकी कंपनी घर-घर पहुंचकर कचरा संग्रह करेगी, ताकि सभी क्षेत्रों में समान रूप से स्वच्छता व्यवस्था लागू हो सके।

बैठक में यह भी तय किया गया कि कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ियों का निश्चित समय निर्धारित किया जाएगा, जिससे नागरिकों को सुविधा मिल सके और कचरा समय पर उठाया जा सके। जोन कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पार्षदों को वार्डवार रूट प्लान उपलब्ध कराया जाए, ताकि व्यवस्था का बेहतर संचालन हो सके।

इसके अलावा खमतराई बाजार में बड़े आकार का डस्टबिन लगाने का निर्णय लिया गया। नगर निगम नागरिकों और व्यापारियों को निर्धारित डस्टबिन में ही कचरा डालने के लिए जागरूक करेगा। यदि समझाइश के बाद भी कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाता है तो उसके विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम का उद्देश्य शहर में स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण बढ़ाना, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखें तथा नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सक्रिय सहयोग करें, ताकि रायपुर को स्वच्छ और बेहतर शहर बनाया जा सके।