निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने ग्राम पंचायतों पहुंचे जिला पंचायत सीईओ, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिया जोर
जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने ग्राम पंचायत बिरकोना, घुघरीकला और धरमपुरा का दौरा कर निर्माणाधीन एवं पूर्ण विकास कार्यों का निरीक्षण किया। स्टॉप डैम, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, बोरवेल रिचार्ज पिट, सामुदायिक भवन और पशु शेड सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l जिले में संचालित विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेने जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने ग्राम पंचायत बिरकोना, घुघरीकला और धरमपुरा का सघन दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थल पर पहुंचकर अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों, तकनीकी कर्मचारियों तथा निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरे होने चाहिए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
ग्राम पंचायत घुघरीकला में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत निर्मित चेक डैम का निरीक्षण करते हुए सीईओ ने सिंचाई के लिए पानी रोकने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गेट लगाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत निर्मित सामुदायिक भवन का निरीक्षण करते हुए भवन परिसर की स्वच्छता, जल निकासी व्यवस्था तथा निर्माण गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही जनपद पंचायत के अधिकारियों को महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश भी दिए।
ग्राम पंचायत बिरकोना में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का अवलोकन करते हुए ग्रामीणों को मिल रही सेवाओं की जानकारी ली गई। ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें बताया गया कि महतारी वंदन योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि सहित कई शासकीय सेवाओं का लाभ अब गांव में ही डिजिटल सुविधा केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
इसी दौरान स्वच्छता दीदियों के साथ बैठक कर कचरा संग्रहण व्यवस्था और उससे होने वाली आय की समीक्षा की गई। जनपद पंचायत के अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने तथा उपयोगकर्ता शुल्क के माध्यम से व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने स्वच्छता दीदियों को आवश्यक सुरक्षा एवं स्वच्छता किट भी वितरित किए।
धरमपुरा ग्राम पंचायत में पशु शेड और सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज पिट का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पशुपालकों को दुग्ध व्यवसाय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही अधिक से अधिक बोरवेलों को रिचार्ज पिट से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि भूजल स्तर में सुधार हो और जल उपलब्धता बनी रहे। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जनपद पंचायत के अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के तकनीकी कर्मचारी, सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।