भोरमदेव पुलिस ने स्कूल में चलाया जागरूकता अभियान, साइबर सुरक्षा और 'अभिव्यक्ति' ऐप की दी जानकारी

कबीरधाम जिले के भोरमदेव थाना पुलिस ने राजा नवागांव हाई स्कूल में साइबर सुरक्षा, 'अभिव्यक्ति' मोबाइल ऐप और नए आपराधिक कानूनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी से बचाव, डिजिटल सुरक्षा और कानूनों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

Jul 7, 2026 - 16:26
 0  3
भोरमदेव पुलिस ने स्कूल में चलाया जागरूकता अभियान, साइबर सुरक्षा और 'अभिव्यक्ति' ऐप की दी जानकारी

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक बनाने के उद्देश्य से लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भोरमदेव थाना पुलिस ने राजा नवागांव स्थित हाई स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा, 'अभिव्यक्ति' मोबाइल ऐप, नए आपराधिक कानूनों तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करना चाहिए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को सतर्क डिजिटल व्यवहार अपनाने और अपने परिवार के सदस्यों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के दौरान 'अभिव्यक्ति' मोबाइल ऐप की उपयोगिता पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि यह ऐप विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। आपातकालीन स्थिति में इसके माध्यम से तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऐप डाउनलोड करने और आवश्यकता पड़ने पर इसका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर नए आपराधिक कानूनों, नागरिक कर्तव्यों, सड़क सुरक्षा, साइबर बुलिंग से बचाव, नशामुक्त जीवन और सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया गया। विद्यालय परिवार ने कबीरधाम पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। पुलिस ने सभी से कानून का सम्मान करने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।