जिला अस्पताल समेत पांच खाद्य प्रतिष्ठानों का हाइजीन ऑडिट, खाद्य सुरक्षा मानकों की हुई जांच

एफएसएसएआई के ईट राइट इंडिया अभियान के तहत कबीरधाम जिला अस्पताल का ईट राइट कैंपस ऑडिट और जिले के पांच प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों का हाइजीन रेटिंग ऑडिट किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, भंडारण, रसोई व्यवस्था और एफएसएसएआई मानकों के अनुपालन का मूल्यांकन कर आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव दिए गए।

Jul 11, 2026 - 17:19
 0  3
जिला अस्पताल समेत पांच खाद्य प्रतिष्ठानों का हाइजीन ऑडिट, खाद्य सुरक्षा मानकों की हुई जांच

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के ईट राइट इंडिया अभियान के तहत कबीरधाम जिले में सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला अस्पताल सहित पांच प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों का ईट राइट कैंपस एवं हाइजीन रेटिंग ऑडिट किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े विभिन्न मानकों का विस्तृत मूल्यांकन कर आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए गए।

अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) के समन्वय में एफएसएसएआई द्वारा अधिकृत थर्ड पार्टी ऑडिटर एवं विभागीय अधिकारियों ने जिला अस्पताल कबीरधाम का निरीक्षण किया। ऑडिट के दौरान अस्पताल की रसोई, भोजन तैयार करने और वितरण की व्यवस्था, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, पेयजल की गुणवत्ता, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, परिसर की साफ-सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन, कीट नियंत्रण व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की विस्तार से जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए गए, ताकि अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

इसके साथ ही जिले के पांच प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों का भी हाइजीन रेटिंग ऑडिट किया गया। इनमें श्रीधर चौधरी स्वीट्स (एकता चौक, कवर्धा), डोमिनोज पिज्जा (रायपुर रोड, कवर्धा), नटराज होटल एंड एडवेंचर रिसॉर्ट्स (चिल्फी), गरुड़ा इन (चिल्फी, बोड़ला) तथा जोहार एथनिक रिसॉर्ट (सरोधा दादर, चिल्फी) शामिल रहे।

इन प्रतिष्ठानों में रसोई की स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, कच्चे और पके खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की व्यवस्था, तापमान नियंत्रण, खाद्य सामग्री संभालने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, मेडिकल फिटनेस, खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और कीट नियंत्रण व्यवस्था सहित एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के पालन का विस्तृत परीक्षण किया गया।

ऑडिट के दौरान खाद्य कारोबारियों और कर्मचारियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित जागरूकता सामग्री वितरित कर स्वच्छ परिसर, सुरक्षित भोजन और स्वस्थ उपभोक्ता की अवधारणा को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि ईट राइट इंडिया अभियान का उद्देश्य केवल निरीक्षण या मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारियों में खाद्य सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और आम नागरिकों को सुरक्षित, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। विभाग ने बताया कि जिले के अस्पतालों, होटलों, रेस्टोरेंटों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सार्वजनिक भोजनालयों में भविष्य में भी इस प्रकार के ऑडिट एवं जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।