सहसपुर लोहारा में विशेष राजस्व शिविर की शुरुआत, पहले दिन 96 में से 85 मामलों का मौके पर निराकरण

कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा में विशेष राजस्व समस्या निवारण शिविर की शुरुआत हुई। पहले शिविर में 96 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 85 मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। प्रशासन ने जुलाई और अगस्त में चार और शिविर आयोजित करने की घोषणा की है।

Jul 11, 2026 - 17:22
 0  3
सहसपुर लोहारा में विशेष राजस्व शिविर की शुरुआत, पहले दिन 96 में से 85 मामलों का मौके पर निराकरण

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा तहसील में आम नागरिकों की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से विशेष राजस्व समस्या निवारण शिविरों की शुरुआत की गई। मंगल भवन, सहसपुर लोहारा में आयोजित पहले शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से अधिकांश मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया।

कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य राजस्व विभाग से जुड़े मामलों का शीघ्र, सरल और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना रहा। जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने बताया कि यह पहल उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि जुलाई और अगस्त माह में सहसपुर लोहारा तहसील मुख्यालय में कुल पांच विशेष राजस्व शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी ने बताया कि शिविरों में सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, अभिलेख शुद्धता, त्रुटि सुधार सहित अन्य राजस्व मामलों का निराकरण किया जा रहा है। साथ ही आवेदकों को आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव है, उन्हें शिविर स्थल पर ही निपटाया जाए। जिन प्रकरणों में न्यायालयीन प्रक्रिया आवश्यक हो, उनमें भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए आवेदकों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाए।

शिविर के दौरान सिंघनपुरी निवासी रामकुमार और पिरचाटोला निवासी खेमसिंह को मौके पर ही ऋण पुस्तिका प्रदान की गई। शिविर में जाति प्रमाण पत्र, अभिलेख सुधार, फौती नामांतरण, जन्म प्रमाण पत्र, ऋण पुस्तिका, भू-अधिकार पट्टा, बिक्री नकल, राशन कार्ड और बिजली कनेक्शन सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 96 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 85 प्रकरणों का उसी दिन निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष 11 मामलों में आवश्यक न्यायालयीन प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

अपर कलेक्टर नरेंद्र पैंकरा ने बताया कि आगामी 21 जुलाई, 1 अगस्त, 11 अगस्त और 21 अगस्त को सहसपुर लोहारा के मंगल भवन में चार और विशेष राजस्व समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, ऋण पुस्तिका वितरण, नक्शा अद्यतन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, डिजिटल हस्ताक्षर, आधार और मोबाइल नंबर अपडेट, अभिलेख सुधार, व्यपवर्तन तथा स्वामित्व योजना सहित सभी प्रकार के राजस्व प्रकरणों के आवेदन लेकर उनका निराकरण किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य राजस्व सेवाओं को लोगों के घर के नजदीक पहुंचाकर पारदर्शी और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है।