कबीरधाम पुलिस ने 7 दिन में सुलझाया अंधा हत्याकांड, आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र में हुए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने सात दिन के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त खून से सना पत्थर, मृतक की मोटरसाइकिल और आरोपी के कपड़े बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में विवाद के बाद हत्या करने की बात स्वीकार की है।

Jul 23, 2026 - 16:23
 0  2
कबीरधाम पुलिस ने 7 दिन में सुलझाया अंधा हत्याकांड, आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने बोड़ला थाना क्षेत्र में हुए अंधे हत्याकांड का महज सात दिनों के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर, मृतक की मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। मामले में आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को ग्राम बंजारी स्थित नायक ढाबा के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर बोड़ला थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान उदय प्रताप सिंह राजपूत (34 वर्ष) निवासी जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और सीने पर ठोस एवं भोथरी वस्तु से गंभीर चोट लगने के कारण हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोड़ला थाना और साइबर टीम की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और अन्य गवाहों से पूछताछ की। साथ ही टोल प्लाजा और भोरमदेव क्षेत्र के 40 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि मृतक आखिरी बार अपने परिचित हीरासिंह उर्फ बउवा केंवट के साथ मोटरसाइकिल पर देखा गया था।

पुलिस ने संदेह के आधार पर हीरासिंह उर्फ बउवा केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को वह मृतक को शराब पीने और घूमने के बहाने भोरमदेव-चिल्फी घाटी की ओर ले गया था। रास्ते में मोटरसाइकिल से गिरने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने ग्राम बंजारी स्थित नायक ढाबा के पास पत्थर से मृतक के सिर और सीने पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह मृतक की मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया।

आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। पुलिस ने आरोपी से घटनास्थल का डेमो भी कराया, जिसकी वीडियोग्राफी की गई।

पूरे मामले का खुलासा बोड़ला थाना पुलिस और साइबर टीम के संयुक्त प्रयास से संभव हुआ। पुलिस अधिकारियों ने जांच में शामिल टीम की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मामले को कम समय में सुलझाया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।