जालबांधा मुख्य सड़क पर अव्यवस्था गहरी, मछली–मुर्गा दुकानें बनीं ग्रामीणों की बड़ी परेशानी

खैरागढ़ विधानसभा के जालबांधा गांव में मेन रोड पर संचालित मछली और मुर्गा दुकानों से बढ़ती गंदगी, भीड़ और दुर्गंध से ग्रामीण परेशान हैं। समाजजनों की शिकायत, ग्राम सभा प्रस्ताव और मंत्री के निर्देशों के बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच–सचिव मामले को नजरअंदाज कर रहे हैं। भीड़ और अव्यवस्था के कारण महाविद्यालय तक जाने वाले छात्रों को दुर्घटना जोखिम का सामना करना पड़ रहा है।

Nov 16, 2025 - 13:48
 0  93
जालबांधा मुख्य सड़क पर अव्यवस्था गहरी, मछली–मुर्गा दुकानें बनीं ग्रामीणों की बड़ी परेशानी

 UNITED NEWS OF ASIA. मनोहर सेन, खैरागढ़ | खैरागढ़  जालबांधा ग्राम की मुख्य सड़क इन दिनों भारी अव्यवस्था का केंद्र बनी हुई है। मेन रोड पर लगे मछली और मुर्गा दुका |नों से न सिर्फ गंदगी और दुर्गंध फैल रही है बल्कि यहां लगातार बढ़ती भीड़ और अवैध पार्किंग ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति पिछले कई महीनों से बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बाद भी समस्या जस की तस है।

कुछ दिनों पहले सतनामी समाज के प्रतिनिधियों ने मंत्री गुरु खुशवंत साहेब को स्थिति से अवगत कराया था। मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के माध्यम से कलेक्टर तक पहुंचाया और साफ निर्देश दिए कि मुख्य सड़क से इन दुकानों को हटाया जाए और व्यवस्था दुरुस्त की जाए।

मंत्री के निर्देश और कलेक्टर की जानकारी में आने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद थी कि कार्रवाई जल्द होगी, लेकिन गांव में आज भी स्थिति वैसी ही बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि विशेष ग्राम सभा में इस अव्यवस्था को हटाने का प्रस्ताव पास होने के बावजूद सरपंच और सचिव कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि लगता है जैसे सरपंच-सचिव अब मंत्री और कलेक्टर से भी ऊपर हो गए हों, तभी गांव की इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है।

मेन रोड की यह अव्यवस्था केवल ग्रामीणों के स्वास्थ्य और सुविधा से ही नहीं जुड़ी है बल्कि सुरक्षा का भी बड़ा विषय बन चुकी है। सड़क किनारे महाविद्यालय स्थित होने के कारण यहां रोज छात्र-छात्राओं की आवाजाही रहती है। भीड़, सड़क पर खड़ी दोपहिया–चारपहिया गाड़ियां और दुकानों के सामने जमा होने वाली भीड़ के चलते सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार वाहन फिसलने और टकराने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से इन अवैध रूप से संचालित दुकानों को मुख्य सड़क से हटाया जाए, साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारी जाए और सड़क पर बढ़ रहे दुर्घटना जोखिम को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जिला प्रशासन और मंत्री कार्यालय तक सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपने के लिए बाध्य होंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि जालबांधा की मुख्य सड़क पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा है, और इसके सुचारू, स्वच्छ और सुरक्षित होने की जिम्मेदारी प्रशासन की है, जिसे अब तत्काल निभाया जाना चाहिए।