12 वर्षीय मासूम अनमोल को मिलेगी नई जिंदगी, सोमवार सुबह जनशताब्दी से रायपुर होंगे रवाना

खरसिया के 12 वर्षीय अनमोल, जो गंभीर ब्रेन इंजरी से जूझ रहा है, को हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन ने गोद लिया है। टिकट से लेकर इलाज तक की जिम्मेदारी संस्था ने उठाई है। सोमवार सुबह अनमोल को रायपुर के बालाजी हॉस्पिटल में बेहतर इलाज के लिए रवाना किया जाएगा।

Dec 22, 2025 - 12:07
 0  15
12 वर्षीय मासूम अनमोल को मिलेगी नई जिंदगी, सोमवार सुबह जनशताब्दी से रायपुर होंगे रवाना

 UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह,  रायपुर | खरसिया के तरियां पार निवासी 12 वर्षीय मासूम अनमोल को अब नई जिंदगी की उम्मीद मिली है। कभी पूरे मोहल्ले में अपनी चंचलता और होशियारी के लिए पहचाना जाने वाला अनमोल एक हादसे के बाद गंभीर ब्रेन इंजरी का शिकार हो गया। पिता से अनजाने में हुए धक्के से दरवाजे पर सिर लगने के बाद अनमोल की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और धीरे-धीरे उसके शरीर ने काम करना बंद करना शुरू कर दिया।

परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि दो वक्त की रोटी का भी ठीक इंतजाम नहीं हो पा रहा था, इलाज की बात तो दूर थी। ऐसे कठिन समय में गौ सेवक राकेश केशरवानी ने मानवता का परिचय देते हुए अनमोल को डॉक्टर दिलेश्वर पटेल के पास पहुंचाया। डॉक्टर दिलेश्वर पटेल ने बिना किसी शुल्क के सभी जरूरी जांच कर प्राथमिक उपचार किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़े अस्पताल में इलाज की सलाह दी।

इसके बाद पूरी जानकारी हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल को दी गई। यह बताया गया कि परिवार के पास इलाज के लिए एक रुपया तक नहीं है। इस पर अंकित अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि पैसों की वजह से बच्चे के इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

रविवार को अंकित अग्रवाल, राकेश केशरवानी और डॉक्टर दिलेश्वर पटेल स्वयं अनमोल के घर पहुंचे। उन्होंने रायपुर जाने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस की टिकट, खाने-पीने का सामान और जरूरत का हर सामान उपलब्ध कराया। साथ ही परिवार को कुछ आर्थिक सहायता भी दी गई। अनमोल को सोमवार सुबह रायपुर रवाना किया जाएगा, जहां हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश पदाधिकारी उसे अपने परिवार की तरह संभालते हुए बालाजी हॉस्पिटल में इलाज कराएंगे।

हेल्पिंग हैंड्स क्लब के संरक्षक मनोज गोयल और उपाध्यक्ष विन्नी सलूजा ने कहा कि संस्था हमेशा मानव सेवा के लिए तत्पर रही है और अनमोल के साथ पूरा संगठन खड़ा है। संरक्षक रमेश अग्रवाल, महिला विंग अध्यक्ष बबीता अग्रवाल, सचिव भारती मोदी, उपाध्यक्ष सुनीता पांडे, विवेक श्रीवास्तव, अमित केडिया सहित रायपुर के सभी सदस्य सोमवार को अस्पताल पहुंचकर इलाज की व्यवस्था में सहयोग करेंगे।

पूरे मोहल्ले के लोगों ने हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने कहा कि इलाज के बाद अनमोल की उच्च स्तरीय शिक्षा के लिए भी संस्था आगे भविष्य में उसका साथ निभाएगी।