घोतिमटोला पंचायत भवन निर्माण में देरी और विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल से की निष्पक्ष जांच की मांग

बालोद जिले के डौण्डी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घोतिमटोला के ग्रामीणों और पंचों के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर पहुंचकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात की। ग्रामीणों ने पंचायत भवन निर्माण में देरी, विकास कार्यों में कथित अनियमितता और शासकीय राशि के उपयोग में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। सांसद ने मामले को उच्च प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष उठाने और उचित समाधान का आश्वासन दिया।

Sep 4, 2026 - 11:19
Sep 4, 2026 - 11:24
 0  3
घोतिमटोला पंचायत भवन निर्माण में देरी और विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल से की निष्पक्ष जांच की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. बालोद l बालोद जिले के विकासखंड डौण्डी अंतर्गत ग्राम पंचायत घोतिमटोला के ग्रामीणों और पंचों का प्रतिनिधिमंडल अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर रायपुर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात कर ग्राम पंचायत में पंचायत भवन निर्माण में हो रही देरी, विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं और शासकीय राशि के उपयोग को लेकर अपनी शिकायतें रखीं। ग्रामीणों ने सांसद को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2014 में नवीन ग्राम पंचायत के गठन के बाद करीब 12 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक घोतिमटोला में पंचायत भवन का निर्माण नहीं हो सका है। उनका कहना है कि ग्राम पंचायत के लिए पंचायत भवन प्रस्तावित किया गया था, लेकिन इसका निर्माण आश्रित ग्राम में करा दिया गया। इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों द्वारा न्यायालय का रुख किए जाने और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात करने की बात भी कही गई। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं मिलने के बाद उन्होंने सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात कर अपनी बात रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत क्षेत्र में अब तक कराए गए विकास कार्यों और शासकीय राशि के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में कथित तौर पर अनियमितताएं बरती जा रही हैं और शासन की योजनाओं का अपेक्षित लाभ पात्र हितग्राहियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने मांग की कि पंचायत में हुए विकास कार्यों और खर्च की गई शासकीय राशि की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे पंचायत भवन निर्माण और विकास कार्यों में पारदर्शिता की मांग को लेकर स्थानीय स्तर पर अपनी आवाज उठाते हैं, तो उन्हें सहयोग मिलने के बजाय एफआईआर और कानूनी कार्रवाई की धमकियां दी जाती हैं। ग्रामीणों ने सांसद के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए निष्पक्ष जांच और सुरक्षा के साथ अपनी बात रखने का अवसर दिए जाने की मांग की।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि घोतिमटोला के ग्रामीण अपनी वाजिब मांगों को लेकर उनके पास पहुंचे हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या प्रशासनिक दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सांसद ने कहा कि गांव में जल्द पंचायत भवन का निर्माण हो, शासकीय राशि के उपयोग में पारदर्शिता बरती जाए और ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच हो, इसके लिए संबंधित उच्च प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की जाएगी।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों को त्वरित और न्यायसंगत समाधान की दिशा में पहल करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंच तथा घोतिमटोला और आश्रित ग्राम दारुटोला के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।