शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने स्कूली बच्चों से किया सहज संवाद, स्कूल की जरूरतों पर दिए निर्देश

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग जिले के सेलूद चौक पर स्कूल से घर लौट रहे विद्यार्थियों से सहज संवाद कर उनकी पढ़ाई, परीक्षा तैयारी और स्कूल की जरूरतों की जानकारी ली। विद्यार्थियों की मांग पर उन्होंने प्रार्थना शेड और मंच निर्माण के निर्देश दिए। स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय सेलूद में साइकिल स्टैंड, बाउंड्रीवाल और वॉलीबॉल ग्राउंड निर्माण की भी घोषणा की गई।

Oct 6, 2026 - 11:54
 0  2
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने स्कूली बच्चों से किया सहज संवाद, स्कूल की जरूरतों पर दिए निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे विद्यार्थियों के लिए सोमवार का दिन उस समय खास बन गया, जब शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव अचानक उनके बीच पहुंचे और बच्चों से सहज संवाद किया। दुर्ग जिले में सेवा सेतु शिविर में शामिल होने ग्राम फेकारी पहुंचे शिक्षा मंत्री कार्यक्रम से लौटते समय सेलूद चौक स्थित हाईस्कूल के विद्यार्थियों से मिले। शिक्षा मंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने खुलकर अपनी पढ़ाई, स्कूल की गतिविधियों तथा आवश्यकताओं के बारे में जानकारी साझा की।

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, तिमाही परीक्षा की तैयारी, स्कूल की गतिविधियों और खेल-कूद को लेकर बातचीत की। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में प्रार्थना शेड और मंच निर्माण की आवश्यकता बताई। बच्चों की मांग को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रार्थना शेड और मंच निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक तावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी जरूरतों को पूरा करना भी जरूरी है।

स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय सेलूद की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षा मंत्री ने स्कूल परिसर में साइकिल स्टैंड, बाउंड्रीवाल और वॉलीबॉल ग्राउंड निर्माण की घोषणा भी की। इन सुविधाओं के बनने से विद्यार्थियों को स्कूल परिसर में बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर खेल मैदान उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा विकसित करने का अवसर मिलेगा।

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान शिक्षा मंत्री ने बदलती तकनीक और भविष्य की आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई और नई तकनीक का है। ऐसे में विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ तकनीकी ज्ञान में भी दक्ष होना चाहिए। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में गूगल, एक्सेल सहित विभिन्न संस्थाओं और कंपनियों के सहयोग से विद्यार्थियों को एआई जैसी आधुनिक तकनीकों के लिए तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। विद्यार्थियों के लिए इंग्लिश लर्निंग कोर्स शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके बाद शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय सेलूद पहुंचे और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्राचार्य और शिक्षकों से शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं तथा विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान स्कूल में चल रहे विभिन्न कार्यों और उपलब्ध संसाधनों की भी जानकारी ली गई। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय में शौचालय निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण, खेल सुविधाएं और आवश्यक आधारभूत संसाधन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानने से स्कूलों में सुविधाओं के विकास के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाने में मदद मिलती है। सेलूद में विद्यार्थियों की मांग पर दिए गए निर्देशों और प्रस्तावित सुविधाओं से स्कूल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कदम आगे बढ़ा है।