बलौदाबाजार में नए जिला परिवहन कार्यालय का लोकार्पण, सोनबरसा जंगल सफारी को 1.5 करोड़ और 4 नई जिप्सियों की सौगात
बलौदाबाजार जिले के ग्राम पंचायत परसाभदेर में नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन का परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने लोकार्पण किया। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की मौजूदगी में सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 4 नई जिप्सियों और विकास कार्यों के लिए 1.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। परिवहन सेवाओं को डिजिटल बनाने, घर बैठे कार्यों की सुविधा और जल्द अत्याधुनिक वाहन टेस्टिंग सुविधा शुरू करने की घोषणा की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर/बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में परिवहन सेवाओं और नागरिक सुविधाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए बलौदाबाजार जिले के ग्राम पंचायत परसाभदेर में नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने सोमवार को विधिवत रूप से नए कार्यालय भवन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 4 नई जिप्सियों की सौगात दी गई। इसके साथ ही जंगल सफारी परिसर के सौंदर्यीकरण और अधोसंरचना विकास के लिए 1.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।
नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय के लोकार्पण के बाद मंत्रियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यालय में आने वाले लोगों को बेहतर और नागरिक केंद्रित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। भवन के निर्माण की गुणवत्ता और आधुनिक व्यवस्था की भी सराहना की गई।
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार परिवहन विभाग से जुड़ी सेवाओं को तेजी से डिजिटल बनाने की दिशा में काम कर रही है। आने वाले समय में परिवहन विभाग के अधिकतर कार्य डिजिटल प्रणाली के माध्यम से किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को कई आवश्यक कार्यों के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और घर बैठे सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने जिले में पंजीकृत 2 लाख 14 हजार से अधिक वाहनों का उल्लेख करते हुए यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया।
केदार कश्यप ने स्कूली बच्चों के वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए संचालित राहवीर योजना का भी उल्लेख किया, जिसके तहत पात्र पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपये तक के मुफ्त और कैशलेस इलाज की व्यवस्था बताई गई। जिले की 5 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में परिवहन सुविधा केंद्रों के संचालन और 572 लर्निंग लाइसेंस जारी होने पर भी उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने बताया कि आधुनिक जिला परिवहन कार्यालय भवन का निर्माण महज पौने दो वर्षों के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है। उन्होंने घोषणा की कि जिले में जल्द ही अत्याधुनिक वाहन टेस्टिंग की सुविधा शुरू की जाएगी। इससे वाहन जांच के लिए जिलेवासियों को दूसरे शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
कार्यक्रम के दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क बस पास वितरित किए गए। इसके अलावा 5 वाहन स्वामियों को लाइसेंस और 5 चालकों को सुरक्षा के लिए हेलमेट प्रदान किए गए। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ मुहिम के अंतर्गत मंत्रियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा और प्रमोद शर्मा, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष, अपर आयुक्त परिवहन, मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मणीवासन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।