देव समितियों ने कलेक्टर अभिनाश मिश्रा को सौंपा ज्ञापन, PESA ग्राम सभाओं के प्रस्तावों पर कार्रवाई की मांग

धमतरी जिले के बारहपाली मेचका और रिसगांव क्षेत्र की संयुक्त ग्राम सभाओं एवं देव समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर अभिनाश मिश्रा को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने PESA कानून के तहत ग्राम सभाओं के प्रस्तावों पर कार्रवाई, धार्मिक स्थलों की पृथक पहचान, सड़क, रपटा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सौर ऊर्जा और स्कूलों में अहाता निर्माण सहित कई मांगें रखीं।

Oct 7, 2026 - 13:46
 0  36
देव समितियों ने कलेक्टर अभिनाश मिश्रा को सौंपा ज्ञापन, PESA ग्राम सभाओं के प्रस्तावों पर कार्रवाई की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l बारहपाली मेचका एवं बारहपाली रिसगांव क्षेत्र की संयुक्त ग्राम सभाओं और देव समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों की मांगों को लेकर कलेक्टर अभिनाश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के साथ ही PESA कानून के तहत ग्राम सभाओं द्वारा पारित प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने धार्मिक स्थलों की पृथक पहचान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। ग्राम मादागिरी स्थित गौतम ऋषि आश्रम और ग्राम मेचका स्थित मुचकुंद ऋषि आश्रम को अलग-अलग प्राचीन धार्मिक स्थलों के रूप में शासकीय अभिलेखों, पर्यटन वेबसाइट और सूचना बोर्डों में दर्ज करने की मांग की गई। इसके साथ ही दोनों स्थलों के विकास के लिए पृथक-पृथक बजट उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने बेलरबाहरा उपस्वास्थ्य केंद्र में RHO और ANM की नियुक्ति की मांग की। वहीं नवीन ग्राम पंचायत भवन बेलरबाहरा के निर्माण की मांग भी रखी गई। क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए विभिन्न रपटों और सड़कों के निर्माण एवं पुनरुद्धार से संबंधित प्रस्ताव भी कलेक्टर के समक्ष रखे गए।

प्रतिनिधिमंडल ने दौड़ नाला रपटा के पुनरुद्धार के लिए कुल 49 लाख रुपये की लागत से कार्य को पुनः स्वीकृति देने की मांग की। ज्ञापन के अनुसार वन विभाग द्वारा निरस्त किए गए इस कार्य को ग्राम सभा ने अमान्य माना है। इसके लिए VB-GRAMG, वन प्रबंधन समिति की 15 लाख रुपये की राशि और DMF के अभिसरण से कुल 49 लाख रुपये की स्वीकृति की मांग की गई। इसी तरह डोभा नाला रपटा सह सीसी रोड के निर्माण के लिए VB-GRAMG से 10 लाख और वन प्रबंधन समिति से 5 लाख रुपये मिलाकर कुल 15 लाख रुपये से कार्य कराने की मांग रखी गई।

सड़क निर्माण के संबंध में PESA नियम 4(ञ) के तहत ग्राम पंचायत भवन ठेंही से दौड़ पंडरीपानी तक करीब 6 किलोमीटर पक्की सड़क स्वीकृत करने की मांग की गई। वहीं सामुदायिक वन संसाधन अधिकार के तहत क्षेत्र में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव भी प्रतिनिधिमंडल ने रखा।

शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी मांगों में प्राथमिक शाला ठेंनही में छह माह से और प्राथमिक शाला अरसीकन्हार में तीन माह से रिक्त प्रधान पाठक के पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग शामिल रही। इसके अलावा क्षेत्र के सभी अहाता विहीन स्कूलों में बाउंड्रीवाल निर्माण कराने की मांग भी रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल ने PESA कानून के पालन पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि ग्राम सभा की सहमति के बिना विभागीय स्तर पर गांव में प्रवेश न किया जाए तथा टाइगर रिजर्व के नाम पर क्षेत्र के आवश्यक विकास कार्यों पर रोक नहीं लगाई जाए। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि वन प्रबंधन समिति दौड़ पंडरीपानी के पास रपटा निर्माण के लिए समिति की स्वयं की करीब 20 लाख रुपये की राशि उपलब्ध है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जनपद सदस्य सिरधन सोम, नरेश मांझी, संत नेताम, तरुण कुमार मरकाम, मंगल सिंह नाग, देवराज ओटी, श्यामलाशय ध्रुवा, भानूराम पुजारी, फूलसिंह नेताम, पंचुराम ओटी, लीलांबर सेन सहित देव समिति बारहपाली मेचका और रिसगांव के सदस्य एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।