दाढ़ी नहीं बनाने पर हुआ विवाद, सेलून संचालक पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार
धमतरी जिले के करेलीबड़ी में दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में सेलून संचालक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चम्मन लाल भारती ने टुकेश्वर उर्फ लालू सेन के साथ गाली-गलौज करते हुए सब्जी काटने वाले धारदार चाकू से हमला किया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l जिले के करेलीबड़ी में दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने सेलून संचालक पर सब्जी काटने वाले धारदार चाकू से हमला कर दिया। मामले में चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया स्टील का धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 6 अगस्त 2026 की है। ग्राम करेलीबड़ी में दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर चम्मन लाल भारती और प्रार्थी टुकेश्वर उर्फ लालू सेन के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए सब्जी काटने वाले चाकू से टुकेश्वर सेन पर हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी के हाथ, घुटने और गाल में चोट आई थी।
घटना के बाद प्रार्थी ने चौकी करेलीबड़ी थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2) और 118(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धमतरी भावना पांडेय ने पुलिस अधिकारियों को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के बाद चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए प्रार्थी और प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के बयान दर्ज किए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया और घायल प्रार्थी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया।
जांच के दौरान पुलिस को घटना से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मिले। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चम्मन लाल भारती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
कृषि मंडी की दीवार के पास छिपाया था चाकू
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया स्टील का धारदार सब्जी काटने वाला चाकू बरामद किया गया। आरोपी ने चाकू को ग्राम करेलीबड़ी कृषि मंडी की दीवार के पास छिपाकर रखा था। पुलिस ने चाकू को विधिवत जब्त कर लिया है।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी चम्मन लाल भारती, पिता ईश्वरी भारती, उम्र 43 वर्ष, निवासी करेलीबड़ी, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी को विधिवत गिरफ्तार किया।
आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।